जम्मू-कश्मीर: ऐतिहासिक जियापोता घाट पर हुई महाआरती, हर-हर महादेव और जयश्रीराम के लगे जयघोष
श्रावण मास में अखनूर के ऐतिहासिक जियापोता घाट पर भव्य महाआरती और भजन संध्या का आयोजन हुआ। ...और पढ़ें

ऐतिहासिक जियापोता घाट पर हुई महाआरती (जागरण फोटो)
HighLights
जियापोता घाट अखनूर में भव्य महाआरती का आयोजन
श्रावण मास में भजन संध्या से भक्तिमय हुआ वातावरण
हर-हर महादेव और जय श्रीराम के जयघोष लगे
जागरण संवाददाता, जम्मू। श्रावण मास के शुभ अवसर पर एवं संस्कृत माह के चलते श्री कैलख ज्योतिष एवं वैदिक संस्थान ट्रस्ट और श्री रघुनाथ जी आरती संस्थान जम्मू के संयुक्त तत्वावधान में ऐतिहासिक जियापोता घाट अखनूर में भव्य महाआरती एवं संगीतमय भजन संध्या का आयोजन हुआ। इसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर धर्म लाभ प्राप्त किया।
वैदिक मंत्रोच्चारण, दीप प्रज्ज्वलन, सामूहिक महाआरती तथा धार्मिक अनुष्ठानों से संपूर्ण वातावरण भक्तिमय एवं आध्यात्मिक ऊर्जा से ओत-प्रोत हो गया। महाआरती के उपरांत आयोजित संगीतमय भजन संध्या में भगवान शिव एवं श्रीराम के भजनों की मधुर प्रस्तुतियों ने श्रद्धालुओं को भक्ति रस में सराबोर कर दिया। पूरा जियापोता घाट हर-हर महादेव और जय श्रीराम के जयघोषों से गूंज उठा।
इस अवसर पर अखनूर के विधायक मोहन लाल भगत ने कहा कि इस प्रकार के धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन समाज में आध्यात्मिक चेतना, सामाजिक समरसता तथा हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। जियापोता घाट जैसे ऐतिहासिक एवं धार्मिक स्थलों पर ऐसे आयोजनों से नई पीढ़ी अपनी संस्कृति, परंपराओं और आध्यात्मिक मूल्यों से जुड़ती है।
इस अवसर पर श्री कैलख ज्योतिष एवं वैदिक संस्थान ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत रोहित शास्त्री ने कहा कि श्रावण मास में आयोजित यह महाआरती केवल एक धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि सनातन संस्कृति, श्रद्धा, सेवा और सामाजिक एकता का सशक्त प्रतीक है।
खबरें और भी
इस अवसर पर जम्मू नार्थ विधानसभा के विधायक शाम लाल शर्मा ने कहा कि अखनूर की धार्मिक एवं ऐतिहासिक पहचान को और अधिक सशक्त बनाने के लिए ऐसे आध्यात्मिक आयोजनों का निरंतर आयोजन होना चाहिए। उन्होंने आयोजन समिति के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम समाज में संस्कारों, सांस्कृतिक मूल्यों और आपसी सौहार्द को मजबूत करते हैं।
श्री रघुनाथ जी आरती संस्थान जम्मू के महाआरती के वाइस चेयरपर्सन बलदेव खुल्लर ने कहा कि संस्था धार्मिक कार्यों के लिए निरंतर प्रयासरत है तथा सभी के सहयोग से आगे भी जनकल्याण के कार्य जारी रखे जाएंगे।
कार्यक्रम में बाबा बल्लो देव स्थान मथवार के महंत यशपाल जी, महामंडलेश्वर महंत रामेश्वर दास जी, महंत सत्य नारायण दास जी, मढ़ विधानसभा के विधायक सुरिंदर भगत, एसडीपीओ अखनूर भरत शर्मा, अखनूर थाना प्रभारी सुशील चौधरी व पूर्व सरपंच राजदेव सिंह सहित अन्य गणमान्यों ने हिस्सा लिया।