हम किसी से कम नहीं! जम्मू-कश्मीर की बेटियों ने जयपुर में गाड़े झंडे, महिला टेनिस बॉल क्रिकेट टीम ने जीता मेडल
जम्मू-कश्मीर की महिला टीम ने अखिल भारतीय टेनिस बाल क्रिकेट प्रतियोगिता में कांस्य पदक जीतकर शानदार प्रदर्शन किया। ...और पढ़ें
-1785569006581_m.webp)
जम्मू-कश्मीर की महिला टीम ने अखिल भारतीय टेनिस बाल क्रिकेट में जीता कांस्य पदक।
HighLights
जम्मू-कश्मीर महिला टीम ने कांस्य पदक जीता।
अखिल भारतीय टेनिस बाल क्रिकेट प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन।
हीना बट्ट की कप्तानी में टीम ने गौरव बढ़ाया।
जागरण संवाददाता, जम्मू. केंद्रशासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर की महिला टीम ने अखिल भारतीय टेनिस बाल क्रिकेट प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन किया और ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया। राजस्थान टेनिस बाल क्रिकेट एसोसिएशन की ओर से प्रतियोगिता का आयोजन जयपुर में 28 से 30 जुलाई 2026 तक किया गया। इसमें देशभर की टीमों ने भाग लिया।
अखिल भारतीय टेनिस बाल क्रिकेट प्रतियोगिता में जम्मू-कश्मीर की महिलाओं ने शानदार टीम भावना का प्रदर्शन किया। यही नहीं देश भर की कुछ सबसे मजबूत टीमों के खिलाफ भी जम्मू-कश्मीर की टीम ने बेहतरीन प्रदर्शन किया. टीम की कप्तानी हीना बट्ट ने कोच फैजान क्यूम के मार्गदर्शन में की, जबकि महबूबा गुल ने टीम का प्रबंधन किया। सभी के सामूहिक नेतृत्व, सटीक योजना और समर्पण ने टीम के प्रभावशाली प्रदर्शन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
एसोसिएशन अध्यक्ष ने टीम की सराहना की
जम्मू-कश्मीर टेनिस बाल क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष बीके टिक्कू ने भी टीम को बधाई दी। उन्होंने कहा कि हमारी महिला टीम की ओर से जीता गया कांस्य पदक पूरे केंद्र शासित प्रदेश के लिए गौरव की बात है। खिलाड़ियों ने पूरी प्रतियोगिता के दौरान उत्कृष्ट प्रतिबद्धता, अनुशासन और खेल भावना का प्रदर्शन किया। मैं कप्तान हीना बट्ट, कोच फैजान क्यूम, मैनेजर महबूबा गुल और टीम के प्रत्येक सदस्य को जम्मू-कश्मीर का नाम रोशन करने के लिए हार्दिक बधाई देता हूं। यह उपलब्धि कईं युवा लड़कियों को टेनिस बाल क्रिकेट अपनाने और उत्कृष्टता के लिए प्रयास करने के लिए प्रेरित करेगी।
युवा खिलाड़ियों को मिलेंगे और बेहतर मौके
जम्मू-कश्मीर टेनिस बाल क्रिकेट एसोसिएशन ने खिलाड़ियों, कोचिंग स्टाफ, टीम प्रबंधन, अधिकारियों और समर्थकों के अथक प्रयासों की सराहना की, जिनके प्रोत्साहन ने इस सफलता में महत्वपूर्ण योगदान दिया। एसोसिएशन ने जम्मू-कश्मीर में टेनिस बाल क्रिकेट को बढ़ावा देने और प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए अधिक अवसर प्रदान करने की अपनी प्रतिबद्धता को दोहराया।