शाबाश ! जम्मू-कश्मीर के वुशु खिलाड़ियों का जलवा, बटुमी ओपन में 10 गोल्ड समेत16 पदक जीतकर रचा इतिहास
जम्मू-कश्मीर के छह वुशु खिलाड़ियों ने जॉर्जिया के बटुमी ओपन अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 16 पदक जीते, जिनमें 10 स्वर्ण श ...और पढ़ें
-1786005307075_m.webp)
जम्मू एयरपोर्ट पर खिलाड़ियों का नोटों के हार पहनाकर स्वागत करती जम्मू-कश्मीर वुशु एसोसिएशन की महासचिव भवनीत।
HighLights
जम्मू-कश्मीर के 6 वुशु खिलाड़ियों ने जीते 16 पदक।
बटुमी ओपन अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में 10 स्वर्ण, 5 रजत, 1 कांस्य।
खिलाड़ियों का जम्मू-कश्मीर में भव्य स्वागत, प्रशिक्षण हॉल की मांग।
जागरण संवाददाता, जम्मू। केंद्रशासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर के वुशु खिलाड़ियों ने कमाल कर दिया है। गत 30 जुलाई से 4 अगस्त तक जार्जिया के बटुमी में आयोजित बटुमी ओपन अंतरराष्ट्रीय वुशु प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के दम पर कुल 16 पदक जीतकर इतिहास रच दिया है। इसमें 10 स्वर्ण, पांच रजत और एक कांस्य पदक है।
जम्मू-कश्मीर के इन सभी छह खिलाड़ियों का चयन अप्रैल 2026 में देहरादून में आयोजित चयन ट्रायल के माध्यम से भारतीय टीम में हुआ था। जूनियर और सब-जूनियर श्रेणियों में ताओलू स्पर्धाओं में भाग लेते हुए इन खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया और केंद्र शासित प्रदेश और देश का नाम रोशन किया।
अहान शर्मा ने दो स्वर्ण पदक जीते
जम्मू-कश्मीर की अहान शर्मा ने चांगक्वान में रजत पदक, दाओशु में स्वर्ण पदक, गुंशु में स्वर्ण पदक जीता। ध्रुविका गुप्ता ने विंगचुन में स्वर्ण, डबल डैगर में स्वर्ण और हरिण्य महाजन ने चांगक्वान में स्वर्ण पदक हासिल किया। प्रतिभा देवी ने नानक्वान में रजत पदक, नंदाओ ने स्वर्ण पदक और नानगुन में रजत पदक जीता। रूद्र प्रताप सिंह ने डबल डैगर में स्वर्ण पदक, स्वरित सिंह चिब ने नानक्वान में रजत पदक, नंदाओ में रजत पदक और नानगुन में स्वर्ण पदक जीते हैं।
टीम स्पर्धाओं में पुरुष के डुइलियन में स्वरित सिंह चिब और रुद्र प्रताप सिंह की जोड़ी ने स्वर्ण पदक जीता। महिला वर्ग की डुइलियन स्पर्धा में हिरण्य महाजन और ध्रुविका गुप्ता ने स्वर्ण पदक हासिल किया। समूह स्पर्धा में स्वरित सिंह चिब, रुद्र प्रताप सिंह, प्रतिभा देवी, हिरण्य महाजन और ध्रुविका गुप्ता ने बेहतरीन प्रदर्शन के दम पर कांस्य पदक जीतने में सफलता हासिल की है।
खबरें और भी
वुशु फेडरेशन आफ इंडिया के पदाधिकारियों ने स्वागत किया
43 सदस्यों वाला भारतीय वुशु दल कल नई दिल्ली पहुंचा, जहां वुशु फेडरेशन आफ इंडिया के पदाधिकारियों ने उनका हार्दिक स्वागत किया।जम्मू-कश्मीर के पदक विजेताओं का जम्मू हवाई अड्डे पर जम्मू-कश्मीर वुशु एसोसिएशन की महासचिव भवनीत ने भव्य स्वागत किया। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय मंच पर उनके उल्लेखनीय प्रदर्शन के लिए खिलाड़ियों और उनके कोच शेर बहादुर को बधाई दी।
सरकार से वुशु ट्रेनिंग हाल उपलब्ध कराने की अपील
जम्मू-कश्मीर वुशु एसोसिएशन के अध्यक्ष विजय सराफ ने पदक विजेताओं को बधाई देते हुए कहा कि जम्मू-कश्मीर वुशु राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय दोनों स्तरों पर शीर्ष प्रदर्शन करने वाले राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में से एक बना हुआ है। उन्होंने जम्मू-कश्मीर सरकार से एक वुशु प्रशिक्षण हाल उपलब्ध कराने की अपील की और कहा कि इस तरह के बुनियादी ढांचे से 21वें एशियन खेलों में स्वर्ण पदक जीतने के सपने को साकार करने में मदद मिलेगी।
उन्होंने केंद्र शासित प्रदेश में वुशु के विकास के लिए जम्मू-कश्मीर खेल परिषद के निरंतर समर्थन के प्रति आभार व्यक्त किया और कहा कि जम्मू-कश्मीर खेल परिषद के प्रोत्साहन ने जम्मू-कश्मीर के खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सफलता हासिल करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। इन युवा खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन ने एक बार फिर वुशु में जम्मू-कश्मीर के प्रभुत्व को उजागर किया है और केंद्र शासित प्रदेश में इस खेल के स्तर को ऊंचा उठाने में खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और अधिकारियों के समर्पण को दर्शाया है।