Jammu: बोर्ड की स्थगित परीक्षाओं की नई तिथि जारी, 30 जुलाई से फिर शुरू होंगे एग्जाम, यहां देखिए डेटशीट
जम्मू-कश्मीर स्कूल शिक्षा बोर्ड ने जुलाई में स्थगित हुई 10वीं, 11वीं और 12वीं की परीक्षाओं की संशोधित डेटशीट जारी कर दी है। ...और पढ़ें
-1785307169738_m.webp)
जम्मू बोर्ड की स्थगित परीक्षाओं की नई तिथियां जारी कर दी गई हैं। (फाइल फोटो)
HighLights
जुलाई में स्थगित हुई परीक्षाओं की संशोधित डेटशीट जारी।
10वीं, 11वीं, 12वीं की परीक्षाएं 30 जुलाई से 4 अगस्त तक।
भारी बारिश के कारण पहले परीक्षाएं स्थगित की गई थीं।
जागरण संवाददाता, जम्मू: जम्मू कश्मीर स्कूल शिक्षा बोर्ड ने जुलाई में स्थगित की गई 10वीं, 11वीं, 12वीं और जम्मू-कश्मीर स्टेट ओपन स्कूल की वार्षिक (प्राइवेट) और अर्धवार्षिक 2026 परीक्षाओं की संशोधित डेटशीट जारी कर दी है। बोर्ड के निदेशक अकादमिक डॉ. परवीन सिंह की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार अब स्थगित की गई परीक्षाएं 30 जुलाई से 4 अगस्त तक आयोजित होंगे।
संशोधित कार्यक्रम के अनुसार, 11वीं और 12वीं कक्षा के विभिन्न विषयों के स्थगित पेपर 30 जुलाई, 1 अगस्त और 3 अगस्त को होंगे। वहीं 10वीं कक्षा का गणित का पेपर 4 अगस्त को सुबह 9:30 बजे आयोजित किया जाएगा। जम्मू-कश्मीर स्टेट ओपन स्कूल की 12वीं का राजनीतिक विज्ञान और मास कम्युनिकेशन का पेपर 30 जुलाई को दोपहर 1:30 बजे होगा।
भारी बारिश के कारण परीक्षाएं हुई थी रद्द
गौरतलब है कि बोर्ड ने 20, 22 और 24 जुलाई को होने वाली परीक्षाएं भारी बारिश, बाढ़ जैसे हालात और कई इलाकों में खराब मौसम के कारण स्थगित कर दी थीं। लगातार हो रही वर्षा से सड़क संपर्क प्रभावित हुआ था और अनेक क्षेत्रों में विद्यार्थियों के परीक्षा केंद्रों तक सुरक्षित पहुंचने में कठिनाई की आशंका थी। विद्यार्थियों की सुरक्षा को देखते हुए बोर्ड ने परीक्षाएं टालने का फैसला लिया था। अब मौसम में सुधार और प्रशासन से मिली रिपोर्ट के बाद संशोधित कार्यक्रम जारी किया गया है।
बोर्ड की सभी स्कूलों से अपील
बोर्ड ने सभी विद्यार्थियों, अभिभावकों और स्कूलों से अपील की है कि वे संशोधित डेटशीट के अनुसार परीक्षा की तैयारी करें और निर्धारित समय से पहले परीक्षा केंद्र पहुंचें। परीक्षा का समय पहले की तरह ही रहेगा। साथ ही सभी मुख्य शिक्षा अधिकारियों, जिला प्रशासन, परीक्षा केंद्र अधीक्षकों और संबंधित विभागों को संशोधित कार्यक्रम के अनुसार आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।