जम्मू में मच्छरों से मुक्ति के लिए मेगा अभियान शुरू सभी 75 वार्डों में होगी फॉगिंग
जम्मू नगर निगम ने डेंगू, मलेरिया और चिकुनगुनिया जैसी मच्छर जनित बीमारियों से बचाव के लिए फॉगिंग और एंटी-लार्वा अभियान शुरू किया है। यह अभियान 7 अगस्त ...और पढ़ें
-1786107812891_m.webp)
जम्मू में मच्छरों से मुक्ति के लिए मेगा अभियान शुरू।
HighLights
जम्मू में मच्छर जनित बीमारियों से बचाव हेतु अभियान शुरू।
सभी 75 वार्डों में फॉगिंग और एंटी-लार्वा छिड़काव होगा।
नागरिकों से सहयोग और जलभराव रोकने की अपील की गई।
जागरण संवाददाता, जम्मू : नागरिकों को डेंगू, मलेरिया और चिकुनगुनिया जैसी खतरनाक मच्छर जनित बीमारियों से बचाने के उद्देश्य से जम्मू नगर निगम ने शुकव्रार को एक व्यापक रोकथाम पहल की शुरुआत की है। इस बड़े पैमाने के अभियान के तहत निगम के अधिकार क्षेत्र में आने वाले सभी 75 वार्डों में शहरव्यापी फागिंग और एंटी-लार्वा रसायनों का छिड़काव किया जा रहा है।
यह अभियान आयुक्त डा. देवांश यादव के निर्देशों पर और हेल्थ आफिसर डा. शाहिद हुसैन की देखरेख में स्वास्थ्य विभाग के समन्वय से चलाया जा रहा है। आधिकारिक जानकारी के अनुसार, यह अभियान 7 अगस्त 2026 से शुरू होकर 10 नवंबर 2026 तक लगातार जारी रहेगा।
शहर के सभी इलाकों को चरणबद्ध तरीके से कवर करने के लिए एक विशेष वार्ड-वार रोस्टर और दैनिक शेड्यूल तैयार किया गया है। शुक्रवार को वार्ड नंबर 66 व 67 के अधीन आने वाले अप्पर व लोअर मुट्ठी से इसकी शुरूआत की गई।
रोज दो पारियों में होगा काम
अभियान को अधिकतम प्रभावी बनाने के लिए दैनिक स्तर पर दो अलग-अलग पारियों में काम तय किया गया है। पहले सुबह के समय शहर के नालों, गड्ढों और संवेदनशील जलभराव वाले क्षेत्रों में एंटी-लार्वा स्प्रे और रसायनों का छिड़काव किया जाएगा ताकि मच्छरों के लार्वा को पनपने से पहले ही नष्ट किया जा सके।
खबरें और भी
फिर वयस्क मच्छरों का सफाया करने के लिए रोजाना शाम 4 बजे के बाद थर्मल फागिंग मशीनरी तैनात की जाएगी। प्रथम चरण के तहत निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सभी 75 वार्डों को कवर किया जाएगा।
नागरिकों के लिए दिशानिर्देश
वरिष्ठ नागरिकों, छोटे बच्चों और सांस की बीमारी, अस्थमा या धुएं से एलर्जी वाले व्यक्तियों को फागिंग के समय घर के भीतर ही रहने का परामर्श दिया गया है। फागिंग के दौरान और धुआं पूरी तरह से छटने तक अपने घरों के दरवाजे और खिड़कियां बंद रखने की अपील की गई है ताकि श्वसन संबंधी जटिलताओं से बचा जा सके।
मच्छर प्रजनन स्रोतों को खत्म करने पर जोर
आयुक्त डा. देवांश यादव ने नागरिकों से अपील की है कि वे निगम की फील्ड टीमों को पूर्ण सहयोग दें और अपने घरों तथा आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखकर मच्छर प्रजनन रोकने में सक्रिय भूमिका निभाएं। आयुक्त ने इस बात पर विशेष बल दिया कि जमा हुआ पानी मच्छरों, विशेष रूप से डेंगू और मलेरिया फैलाने वाले मच्छरों के लिए सबसे उपयुक्त प्रजनन स्थल प्रदान करता है।
निगम ने स्पष्ट किया है कि पहले चरण के बाद आवश्यकतानुसार शहर में दूसरे और तीसरे दौर की फॉगिंग और छिड़काव गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी। हालांकि, प्रशासनिक प्रयासों के साथ-साथ जनभागीदारी को इस अभियान की सफलता के लिए अनिवार्य माना गया है।