जम्मू में स्कूटी और ट्रक की जोरदार टक्कर, एक युवक की मौत, दूसरा घायल, नई बस्ती के बाहर देर रात हुआ हादसा
जम्मू के नई बस्ती इलाके में गुरुवार देर रात स्कूटी और ट्रक की टक्कर में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा घायल हो गया। हादसे के बाद ट्रक चालक फरार हो ग ...और पढ़ें
-1786085857670_m.webp)
जम्मू में एक सड़क हादसे में स्कूटी सवार युवक की मौत हो गई।
HighLights
नई बस्ती में स्कूटी-ट्रक की जोरदार टक्कर।
हादसे में एक युवक की मौके पर मौत।
ट्रक चालक फरार, पुलिस जांच में जुटी।
जागरण संवाददाता, जम्मू : जम्मू के गांधी नगर थाना क्षेत्र के नई बस्ती इलाके में गुरुवार देर रात हुए सड़क हादसे में स्कूटी सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। दुर्घटना के बाद ट्रक चालक मौके से फरार बताया जा रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, स्कूटी पर दो युवक सवार होकर जा रहे थे। इसी दौरान सतवारी बिक्रम चौक मुख्य सड़क पर उनकी स्कूटी की एक ट्रक के साथ टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कूटी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में स्कूटी पर पीछे बैठे युवक को गंभीर चोटें आईं और उसकी मौके पर ही मौत होने की बात सामने आई है। वहीं, स्कूटी चला रहा युवक हादसे में घायल हुआ है।
ट्रक चालक मौके से फरार
हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद गांधी नगर थाने की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेने के साथ हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
बताया जा रहा है कि हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर ट्रक और उसके चालक की पहचान करने का प्रयास कर रही है।
क्षतिग्रस्त स्कूटी देख सहमे लोग
हादसे में स्कूटी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने बताया कि टक्कर काफी तेज थी। हादसे के बाद सड़क पर काफी देर तक अफरातफरी का माहौल रहा।
पुलिस ने मृतक युवक के शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। घायल युवक को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस हादसे की पूरी परिस्थितियों का पता लगाने के लिए प्रत्यक्षदर्शियों से भी पूछताछ कर रही है।