रक्षाबंधन पर भूलकर भी न खरीदें ये चीज! जम्मू के पक्का डंगा बाजार में दुकानों के बाहर चस्पा हुए खास पोस्टर
जम्मू में रक्षाबंधन के अवसर पर पतंग कारोबारियों और काइट एसोसिएशन ने जानलेवा चीनी मांझे 'गट्टू' के खिलाफ जागरूकता अभियान शुरू किया है। दुकानों के बाहर ...और पढ़ें
-1786092035332_m.webp)
रक्षाबंधन पर जम्मू में चीनी मांझे के खिलाफ अनोखी पहल, दुकानदार कर रहे जागरूक।
HighLights
जम्मू में चीनी मांझे 'गट्टू' के खिलाफ अभियान शुरू।
पतंग कारोबारी और एसोसिएशन मिलकर कर रहे लोगों को जागरूक।
सुरक्षित पतंगबाजी के लिए प्रतिबंधित मांझे से दूरी की अपील।
जागरण संवाददाता, जम्मू : रक्षाबंधन के त्योहार पर इस बार पतंगबाजी के साथ एक अलग पहल देखने को मिल रही है। शहर के प्रमुख पतंग बाजार पक्का डंगा में दुकानदारों और काइट एसोसिएशन ने जानलेवा गट्टू (चीनी मांझे) के खिलाफ जागरूकता अभियान शुरू किया है। इसके तहत दुकानों के बाहर गट्टू का प्रयोग ना करे लिखे पोस्टर लगाए जा रहे हैं।
काइट एसोसिएशन पक्का डंगा के पदाधिकारी खुद दुकानों के बाहर जाकर इन पोस्टरों को लगा रहे हैं। एसोसिएशन के अध्यक्ष वरेश कुमार की अगुवाई में शुरू किए गए इस अभियान का उद्देश्य लोगों को गट्टू के खतरों से अवगत कराना और रक्षाबंधन, जन्माष्मी के मौके पर सुरक्षित पतंगबाजी के लिए प्रेरित करना है।
पक्का डंगा पतंगों की खरीदारी का प्रमुख केंद्र
पक्का डंगा शहर में पतंगों की खरीदारी का प्रमुख केंद्र माना जाता है। रक्षाबंधन के आसपास यहां बड़ी संख्या में लोग पतंग और मांझा खरीदने पहुंचते हैं। ऐसे में एसोसिएशन ने इसी इलाके से गट्टू के खिलाफ जागरूकता अभियान शुरू करने का निर्णय लिया है।
जानलेवा मांझे से कई लोग हो चुके हैं घायल
गट्टू की धार इतनी तेज होती है कि दोपहिया वाहन चालकों के लिए यह गंभीर खतरा बन जाता है। कई मामलों में इस जानलेवा मांझे की चपेट में आने से लोगों के गले कटने और गंभीर रूप से घायल होने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। यही कारण है कि प्रशासन ने इसके इस्तेमाल और बिक्री पर प्रतिबंध लगाया हुआ है।
खबरें और भी
एसोसिएशन ने दुकानदारों से भी अपील की है कि वे प्रतिबंधित गट्टू की बिक्री न करें और लोगों को भी इसके इस्तेमाल से रोकें। अभियान के तहत प्रत्येक दुकान के बाहर जागरूकता पोस्टर लगाए जा रहे हैं, ताकि बाजार में आने वाले लोगों को भी गट्टू के खतरों के बारे में जानकारी मिल सके।
गट्टू की बिक्री की सूचना पुलिस को दें
एसोसिएशन ने लोगों से अपील की है कि यदि उन्हें कहीं भी प्रतिबंध के बावजूद गट्टू की बिक्री या इस्तेमाल की जानकारी मिलती है तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस या काइट एसोसिएशन को दें। एसोसिएशन का कहना है कि त्योहार की खुशी किसी की जान पर भारी नहीं पड़नी चाहिए। सुरक्षित पतंगबाजी के लिए सभी को प्रतिबंधित मांझे से दूरी बनानी होगी।