Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    जम्मू-कश्मीर: नौशहरा में बाढ़ पीड़ितों से मिले रविंदर रैना,स्थानीय लोगों ने की मानवर नदी पर तटबंध बनाने की मांग

    Updated: Fri, 24 Jul 2026 03:57 PM (GMT+05:30)

    पूर्व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष रविंदर रैना ने राजौरी के नौशहरा में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर लोगों की समस्याएं सुनीं। ...और पढ़ें

    जम्मू-कश्मीर: नौशहरा में बाढ़ पीड़ितों से मिले रविंदर रैना (जागरण फोटो)

    जम्मू-कश्मीर: नौशहरा में बाढ़ पीड़ितों से मिले रविंदर रैना (जागरण फोटो)

    HighLights

    1. रविंदर रैना ने नौशहरा के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया।

    2. लोगों ने मानवर नदी पर स्थायी तटबंध बनाने की मांग की।

    3. श्मशान घाट के पास सुरक्षा दीवार निर्माण की भी मांग।

    जागरण संवाददाता, राजौरी। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रविंदर रैना ने राजौरी जिले के नौशहरा क्षेत्र का दौरा कर हाल ही में आई बाढ़ से प्रभावित इलाकों का निरीक्षण किया।

    इस दौरान उन्होंने प्रभावित क्षेत्रों का जायजा लेने के साथ स्थानीय लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और बाढ़ से हुए नुकसान की जानकारी प्राप्त की।

    दौरे के दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने रविंदर रैना को क्षेत्र में हर वर्ष आने वाली बाढ़ से जुड़ी समस्याओं से अवगत कराया। लोगों ने बताया कि मानवर नदी में बारिश के दौरान जलस्तर तेजी से बढ़ जाता है, जिससे आसपास के क्षेत्रों में रहने वाले लोगों की जान-माल को लगातार खतरा बना रहता है।

    समस्या का समाधान नहीं हो सका: पीड़ित

    उन्होंने कहा कि हर वर्ष बाढ़ के कारण खेतों, मकानों, सड़कों और अन्य सार्वजनिक संपत्तियों को नुकसान उठाना पड़ता है, लेकिन अब तक इस समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका है।

    स्थानीय लोगों ने पूर्व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के समक्ष मानवर नदी के किनारे स्थायी तटबंध (बांध) के निर्माण की मांग प्रमुखता से उठाई। उनका कहना था कि यदि नदी के किनारे मजबूत तटबंध बनाया जाता है तो भविष्य में बाढ़ के दौरान होने वाले कटाव और जलभराव की समस्या को काफी हद तक रोका जा सकता है। उन्होंने सरकार से इस दिशा में शीघ्र कदम उठाने की अपील की।

    लोगों ने बताई समस्याएं

    इसके अलावा नागरिकों ने नौशहरा श्मशान घाट के समीप सुरक्षा दीवार (रिटेनिंग वॉल) के निर्माण की आवश्यकता भी बताई। लोगों का कहना था कि नदी के लगातार कटाव के कारण श्मशान घाट का अस्तित्व भी खतरे में पड़ता जा रहा है। यदि समय रहते सुरक्षा दीवार का निर्माण नहीं कराया गया तो भविष्य में वहां भी गंभीर नुकसान हो सकता है।

    रविंदर रैना ने लोगों की समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुना और उन्हें आश्वस्त किया कि बाढ़ से संबंधित सभी मुद्दों तथा स्थानीय नागरिकों की मांगों को सरकार और संबंधित विभागों के समक्ष प्रभावी ढंग से उठाया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रभावित क्षेत्रों में स्थायी समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाने का प्रयास किया जाएगा ताकि भविष्य में लोगों को बार-बार प्राकृतिक आपदाओं का सामना न करना पड़े।

    खबरें और भी

    उन्होंने कहा कि हालिया बाढ़ ने यह स्पष्ट कर दिया है कि संवेदनशील क्षेत्रों में दीर्घकालिक और वैज्ञानिक आधार पर बाढ़ सुरक्षा उपायों की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि लोगों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए और प्रशासन तथा संबंधित विभागों को मिलकर ऐसे कार्य करने चाहिए, जिससे प्राकृतिक आपदाओं से होने वाले नुकसान को कम किया जा सके।

    दौरे के दौरान रविंदर रैना ने स्थानीय लोगों से धैर्य बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि प्रभावित परिवारों की समस्याओं के समाधान के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने क्षेत्र के लोगों को भरोसा दिलाया कि उनकी आवाज उचित मंच तक पहुंचाई जाएगी और विकास तथा सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर गंभीरता से कार्य कराया जाएगा।

    ये लोग रहे मौजूद

    इस अवसर पर व्यापार मंडल नौशहरा के अध्यक्ष भारत भूषण गुप्ता, सनातन धर्म सभा के प्रधान जगदीश चंद्र साहनी, नरेंद्र कुमार शर्मा, सुखदेव शर्मा, भाजपा मंडल अध्यक्ष अजय चौधरी, हरबंस लाल सहित बड़ी संख्या में स्थानीय गणमान्य नागरिक, व्यापारी और क्षेत्रवासी उपस्थित रहे। सभी ने क्षेत्र में बाढ़ नियंत्रण के स्थायी उपायों की आवश्यकता पर बल देते हुए प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई की मांग की।