हम फौजी इस देश की धड़कन हैं... जम्मू-कश्मीर में तैनात जवानों की कलाई नहीं रही सूनी; स्कूली बच्चियों ने बांधी राखी
महाराजा हरि सिंह स्कूल, आरएसपुरा के छात्रों ने रक्षाबंधन पर सीमा पर तैनात जवानों को अपने हाथों से बनी राखियां बांधीं।

सीमा पर तैनात सुरक्षा बल जवानों को राखी बांधती हुई स्कूली बच्चियों।
HighLights
आरएसपुरा के बच्चों ने जवानों को बांधी राखियां।
महाराजा हरि सिंह स्कूल के छात्रों की अनूठी पहल।
देशप्रेम और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया।
संवाद सहयोगी, आरएसपुरा। रक्षाबंधन से पहले महाराजा हरि सिंह सीनियर सेकेंडरी स्कूल आरएसपुरा के बच्चों ने देश की सीमाओं की रक्षा में तैनात जवानों के प्रति सम्मान और स्नेह व्यक्त करते हुए एक अनूठी पहल की।
विद्यार्थियों ने अपने हाथों से तैयार की गई राखियां जवानों की कलाइयों पर बांधीं और उनकी लंबी आयु व उत्तम स्वास्थ्य की कामना की।
मंगलवार को विद्यालय में रक्षाबंधन का पर्व देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता की भावना के साथ मनाया गया। इस अवसर पर बच्चों ने आकर्षक राखियां तैयार कीं और उन्हें लेकर सीमा पर पहुंचे।
बच्चों ने जवानों की कलाई पर राखी बांधकर उनके प्रति आभार जताया और कहा कि सैनिकों का योगदान हमेशा देशवासियों के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा। वहीं जवानों ने भी बच्चों का स्वागत करते हुए उनके इस भावपूर्ण प्रयास की सराहना की।
इस दौरान बच्चों और सैनिकों के बीच भाई-बहन के स्नेह जैसा भावनात्मक रिश्ता देखने को मिला। प्रधानाचार्य पंकज कौशिक ने कहा कि इस तरह के कार्यक्रम विद्यार्थियों में देशप्रेम, राष्ट्रीय सेवा और भारतीय संस्कृति के प्रति सम्मान की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
