जम्मू-कश्मीर में बदला मौसम का मिजाज, बारिश के साथ ओलों ने भी बढ़ाई मुश्किल; किसानों की बढ़ी टेंशन
उधमपुर में शनिवार को मौसम ने अचानक करवट ली, जहां धूप के बाद मूसलाधार बारिश और ओलावृष्टि हुई। इससे जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया, सड़कें जलमग्न हो गईं और स ...और पढ़ें

कैप्शन: जम्मू-कश्मीर में बदला मौसम का मिजाज (Jagran Photo)
HighLights
मूसलाधार बारिश और ओलावृष्टि से उधमपुर में जनजीवन अस्त-व्यस्त
सफाई व्यवस्था की पोल खुली, कई इलाकों में जलभराव की समस्या
लैवेंडर और गेहूं की फसलों को ओलावृष्टि से भारी नुकसान का अंदेशा
जागरण संवाददाता, उधमपुर। आसमान जैसे इन दिनों फैसला ही नहीं कर पा रहा मौसम तपिश बरसाए या आफत, दो दिन की राहत के बाद शनिवार को मौसम ने अचानक ऐसा पलटा खाया कि धूप से लेकर मूसलधार बारिश और ओलावृष्टि तक, सब कुछ कुछ ही घंटों में देखने को मिल गया। इस अनिश्चित मौसम ने न सिर्फ लोगों को असहज किया, बल्कि रोजमर्रा की जिंदगी की रफ्तार पर भी ब्रेक लगा दिया।
शनिवार सुबह दिन की शुरुआत हल्के बादलों के साथ हुई। कुछ देर बाद तेज धूप निकली, लेकिन हवा में घुली ठंडक ने लोगों को राहत दी। दोपहर तक मौसम सामान्य बना रहा, लेकिन करीब दो बजे अचानक आसमान में काले घने बादल छा गए। इसके बाद करीब तीन बजे मौसम ने ऐसा रुख बदला कि मूसलधार बारिश के साथ भारी ओलावृष्टि शुरू हो गई।
लगातार आधे घंटे तक बरसे पानी और ओलों ने पूरे शहर को थाम कर रख दिया। बाजारों में खरीदारी करने आए लोग जहां थे, वहीं रुक गए। सड़क पर चल रहे लोगों ने दुकानों, बैंकों, पेट्रोल पंपों और घरों के छज्जों के नीचे शरण लेकर खुद को बचाया। बारिश और ओलों का यह दौर थमने के बाद लोग तेजी से अपने गंतव्यों की ओर रवाना हुए, लेकिन कुछ ही देर बाद मौसम ने फिर करवट ली और एक बार फिर तेज बारिश शुरू हो गई, जो समाचार लिखे जाने तक जारी रही।
लगातार बदलते मौसम ने लोगों की दिनचर्या को पूरी तरह प्रभावित कर दिया है। कभी तेज धूप पसीना छुड़ाती है तो अगले ही पल बादल छाकर ठंडक बढ़ा देते हैं, और फिर अचानक होने वाली तेज बारिश पूरे जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर देती है।
खबरें और भी
आधे घंटे की बारिश में खुली सफाई व्यवस्था की पोल
शनिवार को हुई करीब आधे घंटे की मूसलधार बारिश ने नगर परिषद की सफाई व्यवस्था, खासकर नालों की स्थिति को उजागर कर दिया। मेन बाजार, मुखर्जी बाजार, सैला तालाब, बडियां, सलाथिया चौक और अस्पताल रोड समेत कई इलाकों में नालियां जाम होने के कारण सड़कों और गलियों में पानी भर गया।
पैदल चलने वालों को दूषित पानी से गुजरना पड़ा, जबकि कुछ दुकानों में पानी घुसने से नुकसान भी हुआ। आजाद मार्केट में सीएमओ कार्यालय के बाहर सीवरेज युक्त पानी ओवरफ्लो होता रहा, जिससे लोगों को भारी परेशानी झेलनी पड़ी। वहीं धार रोड पर भी नालों की सफाई व्यवस्था कमजोर नजर आई, जहां एचडीएफसी बैंक के पास गंदा पानी सड़कों पर बहता दिखा और बारिश थमने के बाद जगह-जगह गंदगी फैल गई
लैवेंडर के बाद ओलावृष्टि से अब गेहूं को नुकसान का अंदेशा।
लगातार हो रही ओलावृष्टि ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। दो दिन पहले रामनगर इलाके में हुई ओलावृष्टि से इंचा स्थित लैवेंडर की फसल को भारी नुकसान हुआ था। कृषि विभाग के अनुसार इंचा स्थित लैवेंडर फार्म को करीब 40 प्रतिशत तक नुकसान पहुंचा है। शनिवार को उधमपुर में हुई ओलावृष्टि के बाद गेहूं की फसल को भी खतरा बढ़ गया है।
मुख्य कृषि अधिकारी हरबंस सिंह ने बताया कि ओलों के कारण गेहूं के सिट्टे काले पड़ने का खतरा बढ़ा दिया है। विभाग के मुताबिक अब और बारिश और ओलावृष्टि होने से गेंहू की फसल की गुणवत्ता और पैदावार प्रभावित हो सकती है।
विभाग ने नुकसान का आकलन करने के लिए फील्ड स्टाफ को रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं, वहीं बागवानी विभाग ने भी स्थिति का जायजा लेना शुरू कर दिया है।