आतंकियों की साजिश नाकाम! राजौरी और बारामुला में तीन आइईडी बरामद, भारी मात्रा में हथियार भी मिले
जम्मू-कश्मीर के राजौरी में सुरक्षाबलों ने एक आईईडी नुमा सामग्री बरामद कर निष्क्रिय कर दिया। वहीं, बारामुला में आतंकियों के ठिकाने से हथियारों का जखीरा ...और पढ़ें

राजौरी में एक और बारामुला में 2 आइईडी बरामद (File Photo)
HighLights
राजौरी में सुरक्षाबलों ने आईईडी नुमा सामग्री निष्क्रिय की।
बारामुला में आतंकी ठिकाने से दो आईईडी, हथियार बरामद।
स्थानीय सूचना पर सुरक्षाबलों ने तलाशी अभियान चलाया।
जागरण संवाददाता, राजौरी: जम्मू संभाग के राजौरी जिले में सुरक्षा बलों ने सोमवार को एक आइईडी (इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस) नुमा सामग्री बरामद कर उसे निष्क्रिय कर दिया। इसे ढांगरी इलाके के अड़गी क्षेत्र में गांधी मेमोरियल अकादमी के पास से बरामद किया गया। सुरक्षा एजेंसियां जांच कर रही हैं कि यह आइईडी वहां कैसे पहुंची और इसके पीछे किसका हाथ है। हालांकि आइईडी मिलने की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
वहीं, सुरक्षाबलों ने कश्मीर के बारामुला जिले के कंडी इलाके के जंगल में आतंकियों द्वारा छिपाकर रखे गए हथियार और विस्फोटकों के एक जखीरे को बरामद किया। इसमें दो आइईडी, दो पिस्तौल और 7.62 मिमी के 530 कारतूस बरामद किए गए। बीते एक पखवाड़े के दौरान बारामुला जिले में किसी आतंकी ठिकाने से हथियारों की बरामदगी का यह दूसरा मामला है।
7 जुलाई को भी सुरक्षाबलों के हाथ लगे थे हथियार
इससे पूर्व गत सात जुलाई को सुरक्षाबलों ने हथलंगा में एक आतंकी ठिकाने से दो एसाल्ट राइफलें, पांच हथगोले और भारी मात्र में कारतूस बरामद किए थे। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि कंडी इलाके के कुछ लोगों ने निकटवर्ती जंगल में कुछ संदिग्ध गतिविधियां देखे जाने की सूचना दी थी। इसके आधार पर पुलिस ने सेना, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल और सशस्त्र सीमा बल के जवानों के साथ मिलकर एक तलाशी अभियान चलाया। इस अभियान के दौरान सुरक्षाबलों ने जंगल में एक जगह बने आतंकी ठिकाने का पता लगाया।
अखनूर में BSF ने दबोचा पाकिस्तानी
उधर, जम्मू-कश्मीर में अंतरराष्ट्रीय सीमा पर तैनात सीमा सुरक्षा बल (BSF) के जवानों ने घुसपैठ की एक कोशिश को नाकाम कर दिया। 20 और 21 जुलाई की दरमियानी रात करीब 1 से 2 बजे के बीच BSF ने एक घुसपैठिये को पकड़ा. पूछताछ में पकड़े गए व्यक्ति ने अपनी पहचान मोहम्मद रफीक 53 साल निवासी गांव पिंडी, पाकिस्तान के रूप में बताई। उसने बताया कि वह पाकिस्तान के गांव लूणी से चला था और पाकिस्तान के ही गांव जुंग में अपनी विवाहित बहन से मिलने जा रहा था। हालांकि, उसका यह बयान कितना सच है, इसकी गहनता से जांच की जा रही है।