उजड़े घर, बह गई उम्मीदें... अब केंद्र बना सहारा, LG मनोज सिन्हा बोले- 'बाढ़ पीड़ितों को नहीं छोड़ेंगे अकेला'
केंद्र सरकार ने जम्मू-कश्मीर में फ्लैश फ्लड से प्रभावित क्षेत्रों को हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया है। उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने बताया कि गृह मंत्री अ ...और पढ़ें

केंद्र सरकार बनी सहारा: जम्मू-कश्मीर बाढ़ पीड़ितों को नहीं छोड़ेंगे अकेला, LG मनोज सिन्हा का आश्वासन।
HighLights
केंद्र सरकार ने जम्मू-कश्मीर बाढ़ पीड़ितों को हरसंभव सहायता का भरोसा दिया।
उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने गृह मंत्री के पूर्ण सहयोग का आश्वासन बताया।
राजौरी, पुंछ, डोडा जिलों में फ्लैश फ्लड से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित।
राज्य ब्यूरो, जागरण, श्रीनगर। केंद्र सरकार ने फ्लैश फ्लड से प्रभावित जम्मू-कश्मीर को हरसंभव सहायता देने का भरोसा दिया है। उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने मंगलवार को कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बाढ़ की स्थिति की समीक्षा करते हुए राहत, बचाव और पुनर्वास कार्यों के लिए केंद्र की ओर से पूरा सहयोग देने का आश्वासन दिया है।
श्रीनगर के शेर-ए-कश्मीर इंटरनेशनल कॉन्फ्रेंस सेंटर (एसकेआईसीसी) में 100 दिवसीय नशा मुक्त जम्मू-कश्मीर अभियान के समापन समारोह को संबोधित करते हुए उपराज्यपाल ने कहा कि राजौरी, पुंछ और डोडा जिलों में आई फ्लैश फ्लड से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। प्राकृतिक आपदा में कई लोगों की मौत हुई है, जबकि सार्वजनिक ढांचे और निजी संपत्तियों को भारी नुकसान पहुंचा है।
उपराज्यपाल ने मृतकों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोक संतप्त परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि इस कठिन समय में पूरा प्रशासन प्रभावित परिवारों के साथ मजबूती से खड़ा है। दिवंगतों की आत्मा की शांति और पीड़ित परिवारों को इस दुख को सहने की शक्ति देने की उन्होंने प्रार्थना की।
पुनर्वास के लिए हरसंभव मदद दी जाएगी
सिन्हा ने बताया कि गृह मंत्री अमित शाह ने स्पष्ट किया है कि संकट की इस घड़ी में केंद्र सरकार जम्मू-कश्मीर के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है। राहत सामग्री उपलब्ध कराने, बचाव अभियान तेज करने और प्रभावित लोगों के पुनर्वास के लिए हरसंभव मदद दी जाएगी।
खबरें और भी
उन्होंने कहा कि नागरिक प्रशासन, जम्मू-कश्मीर पुलिस, राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ), राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) तथा अन्य संबंधित एजेंसियों को प्रभावित क्षेत्रों में तैनात कर दिया गया है। बचाव दल फंसे लोगों को सुरक्षित निकालने, राहत पहुंचाने और बाधित आवश्यक सेवाओं की बहाली में जुटे हैं।
उपराज्यपाल ने कहा कि प्रशासन हालात पर लगातार नजर रखे हुए है। सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने, राहत कार्यों में तेजी लाने और प्रभावित लोगों तक बिना देरी सहायता पहुंचाने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सामान्य जनजीवन को जल्द से जल्द पटरी पर लाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं।