Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    राजौरी जिले के थन्ना मंडी में जिंदा मोर्टार शेल मिलने से दहशत, सेना के कंट्रोल्ड ब्लास्ट से लोगों ने ली राहत की सांस

    By Gagan Kohli Edited By: Rahul Sharma
    Updated: Mon, 27 Jul 2026 06:45 PM (IST)

    राजौरी के थन्ना मंडी में खेत से मिले 51 एमएम मोर्टार शेल को सेना ने नियंत्रित विस्फोट से सुरक्षित नष्ट कर दिया। इस सफल अभियान से कोई जनहानि नहीं हुई। ...और पढ़ें

    राजौरी के थन्ना मंडी में मिला जिंदा 51 एमएम का मोर्टार शेल।

    राजौरी के थन्ना मंडी में मिला जिंदा 51 एमएम का मोर्टार शेल

    HighLights

    1. राजौरी के कयान गांव में मिला 51 एमएम मोर्टार शेल।

    2. भारतीय सेना के बम निरोधक दस्ते ने किया नियंत्रित विस्फोट।

    3. सुरक्षित अभियान से कोई जनहानि नहीं, लोगों ने ली राहत।

    जागरण संवाददाता, राजौरी। राजौरी जिले की थन्ना मंडी तहसील के राजधानी क्षेत्र स्थित कयान गांव में खुले खेत से बरामद 51 एमएम के मोर्टार शेल को भारतीय सेना के बम निरोधक दस्ते ने सोमवार को नियंत्रित विस्फोट (कंट्रोल्ड ब्लास्ट) के माध्यम से सुरक्षित तरीके से नष्ट कर दिया। पूरे अभियान के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए और किसी प्रकार की जनहानि या संपत्ति के नुकसान की सूचना नहीं है।

    जानकारी के अनुसार रविवार दोपहर ग्रामीण खेतों में कृषि कार्य कर रहे थे, तभी उनकी नजर एक संदिग्ध धातु की वस्तु पर पड़ी। वस्तु के विस्फोटक होने की आशंका के चलते स्थानीय लोगों ने सतर्कता दिखाते हुए उसे छूने के बजाय तुरंत पुलिस और सुरक्षा बलों को सूचना दी।
    सूचना मिलते ही भारतीय सेना की टीम और बम निरोधक दस्ता मौके पर पहुंचा।

    सुरक्षा बलों ने सबसे पहले पूरे क्षेत्र को घेरकर आम लोगों की आवाजाही पर रोक लगा दी, ताकि किसी भी संभावित हादसे से बचा जा सके। जांच के दौरान संदिग्ध वस्तु की पहचान 51 एमएम के मोर्टार शेल के रूप में की गई।

    मोर्टार शेल को नियंत्रित विस्फोट के जरिए किया नष्ट

    सोमवार को सेना के बम निरोधक विशेषज्ञों ने सभी सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए मोर्टार शेल को नियंत्रित विस्फोट के जरिए नष्ट कर दिया। अभियान सफलतापूर्वक पूरा होने के बाद क्षेत्र को पूरी तरह सुरक्षित घोषित कर दिया गया।

    खबरें और भी

    प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी भी स्थान पर संदिग्ध, लावारिस या विस्फोटक जैसी कोई वस्तु दिखाई दे तो उसे हाथ लगाने या हटाने का प्रयास न करें। ऐसी स्थिति में तुरंत निकटतम पुलिस थाना, सेना या अन्य सुरक्षा एजेंसियों को सूचना दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई कर किसी भी अप्रिय घटना को टाला जा सके।

    सुरक्षा एजेंसियों ने स्थानीय लोगों की सतर्कता की सराहना करते हुए कहा कि समय पर दी गई सूचना के कारण संभावित खतरे को सुरक्षित ढंग से टालना संभव हो सका। फिलहाल मामले में आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर ली गई हैं।