Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    राजौरी में यातायात नियम तोड़ने वालों की खैर नहीं, 92 वाहनों की RC सस्पेंड, 8 के लाइसेंस रद

    By Gagan Kohli Edited By: Rahul Sharma
    Updated: Thu, 30 Jul 2026 06:53 PM (IST)

    राजौरी में मोटर व्हीकल विभाग ने यातायात नियमों के उल्लंघन पर सख्त अभियान चलाया है। इस कार्रवाई में 92 वाहनों के पंजीकरण प्रमाणपत्र और 8 ड्राइविंग लाइस ...और पढ़ें

    राजौरी में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर एमवीडी का शिकंजा।

    राजौरी में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर एमवीडी का शिकंजा

    HighLights

    1. एमवीडी राजौरी ने यातायात नियमों के उल्लंघन पर सख्त अभियान चलाया।

    2. 92 वाहनों के पंजीकरण प्रमाणपत्र और 8 ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित/रद्द किए गए।

    3. अभियान में 25 चालान काटे गए, 24,100 रुपये का जुर्माना वसूला।

    जागरण संवाददाता, राजौरी। सड़क सुरक्षा को मजबूत बनाने और यातायात नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मोटर व्हीकल विभाग (एमवीडी) राजौरी ने नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ व्यापक अभियान चलाया। इस विशेष अभियान के तहत विभाग ने कुल 92 वाहनों के पंजीकरण प्रमाणपत्र (आरसी) निलंबित किए, जबकि 8 ड्राइविंग लाइसेंस भी निलंबित एवं रद्द किए गए। विभाग की इस कार्रवाई से वाहन चालकों और नियमों की अनदेखी करने वालों में हड़कंप मच गया है।

    जानकारी के अनुसार यह कार्रवाई परिवहन आयुक्त विशेष पॉल महाजन के निर्देशों के तहत की गई। अभियान के दौरान वैध फिटनेस प्रमाणपत्र के बिना सड़कों पर चल रहे 86 वाहनों के पंजीकरण प्रमाणपत्र निलंबित किए गए। विभाग ने स्पष्ट किया कि बिना फिटनेस प्रमाणपत्र के वाहन चलाना न केवल मोटर व्हीकल एक्ट का उल्लंघन है, बल्कि यह सड़क सुरक्षा के लिए भी गंभीर खतरा पैदा करता है।

    इसके अलावा जिला पुलिस राजौरी की सिफारिश पर एनडीपीएस एक्ट से जुड़े मामलों में दो ड्राइविंग लाइसेंस रद्द किए गए। वहीं गोवंश तस्करी से संबंधित मामलों में पांच ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित किए गए। मोटर व्हीकल एक्ट के उल्लंघन के एक अन्य मामले में भी एक ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित किया गया। इस प्रकार कुल आठ ड्राइविंग लाइसेंसों पर कार्रवाई की गई।

    कुल 92 वाहनों के पंजीकरण प्रमाणपत्र निलंबित किए

    वाहनों के पंजीकरण पर भी पुलिस की सिफारिश के आधार पर कार्रवाई की गई। एनडीपीएस एक्ट से जुड़े मामलों में दो वाहनों के पंजीकरण प्रमाणपत्र तथा गोवंश तस्करी के मामलों में चार वाहनों के पंजीकरण प्रमाणपत्र निलंबित किए गए। इन्हें फिटनेस प्रमाणपत्र के अभाव में निलंबित किए गए 86 वाहनों के साथ जोड़ने पर कुल 92 वाहनों के पंजीकरण प्रमाणपत्र निलंबित किए गए।

    खबरें और भी

    अभियान के दौरान एमवीडी की टीम ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों में व्यापक जांच अभियान चलाया। इस दौरान 125 वाहनों की जांच की गई, जिनमें से यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 25 वाहन चालकों के चालान काटे गए। इन चालानों के माध्यम से विभाग ने 24,100 रुपये का जुर्माना भी वसूला। अधिकारियों का कहना है कि यह अभियान भविष्य में भी नियमित रूप से जारी रहेगा ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके और वाहन चालक नियमों का पालन करें।

    सड़क सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रहा विभाग

    एआरटीओ राजौरी आशिक रफीक मलिक ने कहा कि मोटर व्हीकल विभाग सड़क सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रहा है। उन्होंने कहा कि विभाग मोटर व्हीकल एक्ट के सभी प्रावधानों को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए प्रतिबद्ध है और अनफिट वाहनों, बिना वैध दस्तावेजों के चल रहे वाहनों तथा अवैध गतिविधियों में इस्तेमाल होने वाले वाहनों के खिलाफ आगे भी कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।

    उन्होंने वाहन मालिकों और चालकों से अपील की कि वे अपने वाहनों के सभी आवश्यक दस्तावेज समय पर अपडेट रखें, फिटनेस प्रमाणपत्र, बीमा, प्रदूषण प्रमाणपत्र और ड्राइविंग लाइसेंस सहित सभी वैधानिक नियमों का पालन करें। उन्होंने कहा कि सुरक्षित एवं जिम्मेदार यातायात व्यवस्था केवल प्रशासन के प्रयासों से नहीं, बल्कि आम नागरिकों के सहयोग से ही संभव है।

    इस विशेष अभियान में मोटर व्हीकल इंस्पेक्टर लखविंदर सिंह, असिस्टेंट मोटर व्हीकल इंस्पेक्टर नितिन सहित विभाग के अन्य अधिकारी और कर्मचारी भी शामिल रहे। एमवीडी ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ बिना किसी ढिलाई के कार्रवाई की जाएगी।