राजौरी के जंगल में आतंकी अड्डे का भंडाफोड़, चावल-नूडल्स और बर्तन छोड़कर भागे आतंकवादी
सुरक्षाबलों ने राजौरी के थानामंडी इलाके के घने जंगलों में एक संदिग्ध आतंकी ठिकाने का भंडाफोड़ किया है। यहां से चावल, नूडल्स और खाना बनाने के बर्तन सहि ...और पढ़ें

राजौरी के थानामंडी जंगल में आतंकी अड्डा ध्वस्त, सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता।
HighLights
राजौरी के थानामंडी जंगल में आतंकी ठिकाना ध्वस्त किया गया।
सुरक्षाबलों ने चावल, नूडल्स और अन्य सामान बरामद किया।
इलाके में आतंकियों की तलाश में सघन अभियान जारी।
डिजिटल डेस्क, राजौरी। पुंछ-राजौरी बेल्ट में आतंकियों के खिलाफ चलाए जा रहे सर्च ऑपरेशन के बीच सुरक्षा बलों को एक और बड़ी सफलता मिली है। राजौरी जिले के थानामंडी इलाके के घने जंगलों में सुरक्षाबलों ने एक संदिग्ध आतंकी ठिकाने का पता लगाकर उसे ध्वस्त कर दिया है।
अधिकारियों ने शुक्रवार को जानकारी दी कि यह कार्रवाई गुरुवार शाम को की गई। जानकारी के मुताबिक, सेना और पुलिस की संयुक्त टीम थानामंडी के भंगाई फॉरेस्ट बेल्ट में सर्च ऑपरेशन चला रही थी। यह इलाका बेहद घना है, जहां चारों तरफ घनी झाड़ियां और ऊंचे पेड़ हैं। इसी का फायदा उठाकर आतंकियों ने यहां अपना अस्थायी ठिकाना बना रखा था।
अधिकारियों ने बताया कि जवान जब जंगल के अंदरूनी हिस्से में पहुंचे तो उन्हें जमीन पर कुछ संदिग्ध निशान और प्लास्टिक शीट दिखाई दी। शक होने पर जब आसपास की झाड़ियों को हटाकर देखा गया तो वहां एक गड्ढा नुमा ठिकाना बना हुआ था, जिसे लकड़ी और प्लास्टिक की मदद से छुपाया गया था।
राशन और रोजमर्रा का सामान बरामद
सुरक्षा बलों ने जब ठिकाने की तलाशी ली तो वहाँ से कई तरह का सामान बरामद हुआ। इससे साफ होता है कि यहां कुछ दिन पहले तक आतंकी रुके हुए थे और लंबे समय तक जंगल में छिपने की तैयारी में थे।
खबरें और भी
बरामद सामान में चावल के दो पैकेट, इंस्टेंट नूडल्स, एक चाकू, एक लाइटर, एक प्लास्टिक शीट, एक पुराना कंबल, गैस स्टोव का नोजल, दो मोमबत्तियां, एक प्लास्टिक की बोतल और खाना बनाने के बर्तन आदि मिले हैं। अधिकारियों का कहना है कि यह ठिकाना ज्यादा पुराना नहीं था। बरामद राशन और बर्तनों से लगता है कि 2 से 3 आतंकियों ने यहां पनाह ली होगी।
इलाके में अभी भी सर्च ऑपरेशन जारी
ठिकाना मिलने के बाद सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके को घेर लिया है और बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। जंगल के चप्पे-चप्पे को खंगाला जा रहा है ताकि यह पता लगाया जा सके कि क्या आतंकी अभी भी इसी इलाके में छिपे हैं या कहीं और भाग गए हैं।
गौरतलब है कि पिछले कुछ महीनों में राजौरी-पुंछ के जंगलों में कई बार आतंकियों के छिपे होने की खबरें आई हैं। घने जंगल और प्राकृतिक गुफाएं आतंकियों के छिपने के लिए मुफीद जगह बन जाती हैं। इसी को देखते हुए सुरक्षा बल लगातार इन इलाकों में सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं।
फिलहाल बरामद सामान को जब्त कर जांच के लिए भेज दिया गया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।