Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    जम्मू-कश्मीर: राजौरी के सुंदरबनी में भारी बारिश का कहर, सड़कें डूबीं, किसानों की फसलें चौपट

    Updated: Fri, 03 Apr 2026 05:57 PM (IST)

    सुंदरबनी में भारी बारिश और तेज हवाओं से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। सड़कें जलमग्न होने से आवाजाही प्रभावित हुई है। ...और पढ़ें

    कैप्शन: जम्मू-कश्मीर: राजौरी के सुंदरबनी में भारी बारिश का कहर

    कैप्शन: जम्मू-कश्मीर: राजौरी के सुंदरबनी में भारी बारिश का कहर

    HighLights

    1. सुंदरबनी में भारी बारिश से सड़कें जलमग्न, आवाजाही बाधित।

    2. तेज हवाओं और वर्षा से गेहूं की तैयार फसलें बर्बाद।

    3. किसानों ने प्रशासन से फसल नुकसान पर मुआवजे की मांग।

    सुंदरबनी में भारी बारिश से सड़कें हुई जलमग्न
    संवाद सहयोगी, सुंदरबनी। सुंदरबनी क्षेत्र में बीती रात से जारी भारी बारिश और तेज हवाओं ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। लगातार हो रही वर्षा के कारण कई सड़कों पर पानी भर गया, जिससे लोगों को आवाजाही में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

    खासकर निचले इलाकों में हालात और खराब हैं, जहां सड़कें पूरी तरह जलमग्न हो गई हैं। इससे वाहन चालकों के साथ-साथ पैदल राहगीरों को भी दिक्कतें झेलनी पड़ रही हैं।

    वहीं, इस मौसम ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। कई स्थानों पर कटाई के लिए तैयार खड़ी गेहूं की फसल तेज हवाओं और बारिश के कारण जमीन पर गिर गई है।

    किसानों का कहना है कि फसल पूरी तरह पक चुकी थी और कटाई के लिए तैयार थी, लेकिन अचानक बदले मौसम ने उनकी मेहनत पर पानी फेर दिया। खेतों में पानी भरने और तेज हवाओं के चलते गेहूं की बालियां झुककर जमीन पर बिछ गई हैं, जिससे उत्पादन पर असर पड़ने की आशंका है।

    ग्रामीण क्षेत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, कई गांवों में खेतों में पानी जमा हो गया है। किसानों ने प्रशासन से फसल नुकसान का सर्वे करवाकर उचित मुआवजा देने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि मौसम जल्द साफ नहीं हुआ, तो नुकसान और बढ़ सकता है। वहीं, प्रशासन ने लोगों को सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है।