जम्मू-कश्मीर: राजौरी के सुंदरबनी में तेज रफ्तार बाइक दुर्घटनाग्रस्त, तीन युवक गंभीर रूप से घायल
जम्मू-पुंछ राष्ट्रीय राजमार्ग पर सुंदरबनी के बाखर क्षेत्र में एक तेज रफ्तार मोटरसाइकिल ने पैदल चल रहे युवक को टक्कर मार दी। ...और पढ़ें

जम्मू-कश्मीर: राजौरी के सुंदरबनी में तेज रफ्तार बाइक दुर्घटनाग्रस्त (जागरण फोटो)
HighLights
तेज रफ्तार मोटरसाइकिल ने पैदल चल रहे युवक को टक्कर मारी।
हादसे में कुल तीन युवक गंभीर रूप से घायल हुए।
घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जीएमसी जम्मू भेजा गया।
जागरण संवाददाता, सुंदरबनी। जम्मू-पुंछ राष्ट्रीय राजमार्ग पर बाखर क्षेत्र में एक तेज रफ्तार मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पैदल जा रहे एक युवक से टकरा गई। हादसे में मोटरसाइकिल सवार दो युवकों सहित कुल तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तत्काल उपचार के लिए उप जिला अस्पताल सुंदरबनी पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए राजकीय मेडिकल कॉलेज (जीएमसी) जम्मू रेफर कर दिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मोटरसाइकिल पर सवार धीरज कुमार पुत्र रवि कुमार निवासी सुंदरबनी तथा साहिल कुमार पुत्र सुभाष चंद्र निवासी लंगर जम्मू-पुंछ राष्ट्रीय राजमार्ग पर बाखर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार मोटरसाइकिल ने सड़क किनारे पैदल चल रहे कौशल कुमार पुत्र कुलदीप राज निवासी कल्लर को जोरदार टक्कर मार दी।
जानकारी अनुसार टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मोटरसाइकिल चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और दोनों युवक सड़क किनारे बनी पुलिया के नीचे जा गिरे। हादसे में मोटरसाइकिल सवार दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि टक्कर लगने से पैदल चल रहा युवक भी बुरी तरह घायल हो गया।
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने राहत कार्य शुरू किया और घायलों को सड़क से उठाकर अस्पताल पहुंचाने में सहायता की। सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। घायलों को पहले उप जिला अस्पताल सुंदरबनी में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार प्रदान किया। हालांकि चोटें गंभीर होने के कारण तीनों को बेहतर इलाज के लिए जीएमसी जम्मू रेफर कर दिया गया।
खबरें और भी
पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार को हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है। स्थानीय लोगों ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर वाहन चालकों से सावधानी बरतने और निर्धारित गति सीमा का पालन करने की अपील की है, ताकि इस प्रकार की दुर्घटनाओं से बचा जा सके।