पुंछ में सांप के काटने से युवक की मौत, जिला अस्पताल के बाहर परिजनों का प्रदर्शन
पुंछ में सांप के काटने से 25 वर्षीय युवक की मौत के बाद परिजनों ने जिला अस्पताल पर उपचार में लापरवाही का आरोप लगाते हुए प्रदर्शन किया। ...और पढ़ें

पुंछ में सांप के काटने से युवक की मौत। फोटो जागरण
HighLights
सांप के काटने से 25 वर्षीय युवक मकसूद की मौत।
परिजनों ने पुंछ जिला अस्पताल पर लापरवाही का आरोप लगाया।
पुलिस ने निष्पक्ष जांच का आश्वासन देकर प्रदर्शन शांत कराया।
संवाद सहयोगी, पुंछ। सीमावर्ती जिला पुंछ में सांप के काटने से 25 वर्षीय युवक की मौत के बाद सोमवार को जिला अस्पताल परिसर में तनाव की स्थिति पैदा हो गई। मृतक के स्वजनों ने अस्पताल प्रशासन पर उपचार में लापरवाही का आरोप लगाते हुए अस्पताल के बाहर प्रदर्शन किया।
उन्होंने मामले की निष्पक्ष और उच्च स्तरीय जांच कराने के साथ दोषी पाए जाने वाले अधिकारियों व कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को जांच का भरोसा देकर शांत कराया।
मृतक की पहचान खानेतर, पुंछ निवासी मकसूद के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार रविवार शाम सांप के काटने के बाद मकसूद को तत्काल जिला अस्पताल लाया गया था। उनका आरोप है कि प्रारंभिक जांच में उसकी स्थिति को सामान्य बताया गया, लेकिन रात के दौरान तबीयत लगातार बिगड़ती गई।
स्वजन का कहना है कि उन्होंने कई बार चिकित्सकीय सहायता की मांग की, लेकिन उनकी शिकायतों को गंभीरता से नहीं लिया गया। सोमवार सुबह उपचार के दौरान मकसूद ने दम तोड़ दिया।
युवक की मौत की सूचना मिलते ही परिवार के सदस्य और स्थानीय लोग अस्पताल परिसर में एकत्र हो गए। आक्रोशित परिजनों ने नारेबाजी करते हुए आरोप लगाया कि समय पर बेहतर उपचार और निगरानी मिलती तो मकसूद की जान बचाई जा सकती थी।
खबरें और भी
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि मौत के बाद शव को घर ले जाने के लिए वाहन उपलब्ध कराने में अनावश्यक देरी हुई, जिससे उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ा। बाद में परिजन शव लेकर डाक बंगला पहुंचे। वे स्थानीय विधायक अजय जन से मुलाकात कर अपनी शिकायत रखना चाहते थे। मुलाकात नहीं हो पाने पर प्रदर्शनकारियों ने वहां भी विरोध जताया और प्रशासन से न्याय की मांग की।
घटना की सूचना मिलने पर डीएसपी तानिया गुप्ता पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचीं। उन्होंने प्रदर्शन कर रहे परिजनों से बातचीत कर उनकी शिकायतें सुनीं और उन्हें शांत कराया। उन्होंने भरोसा दिया कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर तथ्यों के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस के अनुसार, घटनाक्रम की जांच जारी है।
अस्पताल में उपलब्ध उपचार संबंधी रिकार्ड, चिकित्सकीय प्रक्रिया और परिजनों की ओर से लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही उपचार में किसी प्रकार की लापरवाही या अन्य कारणों को लेकर स्पष्ट स्थिति सामने आएगी। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों ने भी निष्पक्ष जांच की मांग की है। प्रशासन ने लोगों से जांच पूरी होने तक अफवाहों पर ध्यान न देने और शांति बनाए रखने की अपील की है।