Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    अब अगले साल होंगे बाबा अमरनाथ के दर्शन, 20 दिन पहले यात्रा पर लगी रोक; 28 अगस्त को छड़ी मुबारक के साथ होगा समापन

    Updated: Sat, 08 Aug 2026 08:07 PM (IST)

    जम्मू-कश्मीर में लगातार बारिश और प्रतिकूल मौसम की आशंका के चलते श्री अमरनाथ जी की यात्रा 9 अगस्त से दोनों मार्गों पर स्थगित कर दी गई है। श्राइन बोर्ड ...और पढ़ें

    अमरनाथ यात्रा पर लगी रोक। फाइल फोटो

    अमरनाथ यात्रा पर लगी रोक। फाइल फोटो


    HighLights

    1. यात्रा 9 अगस्त से दोनों मार्गों पर स्थगित।

    2. जम्मू-कश्मीर में लगातार बारिश के कारण यह फैसला।

    3. प्रतिकूल मौसम की आशंका भी मुख्य वजह बताई गई।

    राज्य ब्यूरो, जम्मू। बाबा अमरनाथ यात्रा को 9 अगस्त से पहलगाम और बालटाल, दोनों मार्गों पर अस्थायी रूप से स्थगित कर दिया गया है। हाल ही में हुई बारिश के बाद यात्रा मार्गों के संवेदनशील हिस्सों पर मरम्मत एवं बहाली कार्य और आगामी दिनों में खराब मौसम के पूर्वानुमान को देखते हुए प्रशासन ने यह निर्णय लिया है।

    डिविजनल कमिश्नर कश्मीर अंशुल गर्ग ने बताया कि अब तक 4.8 लाख से अधिक श्रद्धालु पवित्र गुफा में बाबा बर्फानी के दर्शन कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि हाल ही में बारिश के कारण यात्रा ट्रैक के कुछ संवेदनशील हिस्सों पर मरम्मत और रखरखाव की आवश्यकता महसूस हुई है। इन हिस्सों की बहाली का कार्य बॉर्डर रोड्स ऑर्गनाइजेशन द्वारा किया जा रहा है।

    28 अगस्त को अमरनाथ यात्रा का होगा समापन

    गर्ग ने कहा कि भारत मौसम विज्ञान विभाग ने अगले कुछ दिनों में प्रतिकूल मौसम की संभावना जताई है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए 9 अगस्त 2026 से पहलगाम और बालटाल दोनों मार्गों से अमरनाथ यात्रा स्थगित रहेगी।

    इस वर्ष की 57 दिवसीय अमरनाथ यात्रा 3 जुलाई 2026 को पहलगाम के चंदनवाड़ी और गांदरबल के बालटाल मार्ग से एक साथ शुरू हुई थी। यात्रा का पारंपरिक रूप से 28 अगस्त को छड़ी मुबारक के साथ समापन निर्धारित है। प्रशासन के अनुसार छड़ी मुबारक की पारंपरिक शोभायात्रा पहलगाम मार्ग से आगे बढ़ेगी और 28 अगस्त को अमरनाथ यात्रा 2026 के औपचारिक समापन का प्रतीक बनेगी।

    खबरें और भी

    डिविजनल कमिश्नर ने सभी श्रद्धालुओं से अपील की कि वे प्रशासन और संबंधित अधिकारियों द्वारा समय-समय पर जारी की जाने वाली एडवाइजरी एवं दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन करें। उन्होंने कहा कि यात्रा को सुरक्षित और सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन बेहद आवश्यक है।