यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 21, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
'आतंकियों का दुस्साहस नहीं तोड़ पाएगा..., लड़ाई में पूरा देश एकजुट', गांदरबल आतंकी हमले पर फूटा राहुल गांधी का गुस्सा
जम्मू-कश्मीर के गांदरबल में आतंकियों ने एक कायरतापूर्ण हमला किया जिसमें एक डॉक्टर और कई प्रवासी मजदूर मारे गए। राहुल गांधी ने इस हमले की कड़ी निंदा की ...और पढ़ें

डिजिटल डेस्क, श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर के गांदरबल में आतंकियों ने कायराना हरकत को अंजाम दिया है। मेस में खाना खा रहे श्रमिकों पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। इस हमले में डॉक्टर समेत सात लोगों की मौत हो गई। राहुल गांधी का इस आतंकी हमले पर गुस्सा फूट पड़ा है।
उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर के गांदरबल में आतंकी हमले में एक डॉक्टर और प्रवासी मजदूरों समेत कई लोगों की हत्या बहुत ही कायरतापूर्ण और अक्षम्य अपराध है। सभी शोकाकुल परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की आशा करता हूं।
राहुल गांधी ने कहा कि आतंकियों का यह दुस्साहस जम्मू-कश्मीर में निर्माण का क्रम और लोगों का विश्वास कभी नहीं तोड़ पाएगा। आतंकवाद के खिलाफ इस लड़ाई में पूरा देश एकजुट है।
मल्लिकार्जुन खरगे ने भी जताया दुख
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने भी आतंकी हमले की कड़ी निंदी की। खरगे ने कहा कि लक्षित हिंसा का यह अमानवीय और घृणित कृत्य भारत को जम्मू-कश्मीर में प्रमुख बुनियादी ढांचा परियोजनाओं के निर्माण में बाधा नहीं डालेगा। इस लड़ाई में पूरा देश एकजुट है। उन्होंने कहा कि पीड़ितों के परिवारों के प्रति हमारी हार्दिक संवेदना है। हम घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हैं।
निर्दोष लोगों को मारना मानवता के खिलाफ
कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा ने भी आतंकी हमले में हुई मौतों पर शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि निर्दोष नागरिकों की हत्या करना और लोगों के बीच हिंसा और आतंक फैलाना मानवता के खिलाफ अपराध है। प्रियंका गांधी ने कहा कि गांदरबल में कायरतापूर्ण आतंकवादी हमले में नागरिकों की हत्या बेहद निंदनीय है।
खबरें और भी
निर्दोष नागरिकों की हत्या करना और आम जनता के बीच हिंसा और आतंक फैलाना जैसे कृत्य मानवता के खिलाफ अपराध है। इसके खिलाफ पूरा देश एकजुट है। उन्होंने कहा कि शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदना है और मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं।
आतंकी हमले में सात मजदूरों की मौत
बता दें कि रविवार को जम्मू-कश्मीर के गांदरबल जिले में श्रीनगर-लेह राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक सुरंग-निर्माण स्थल पर आतंकवादियों के हमले में एक डॉक्टर और छह मजदूरों की मौत हो गई। अधिकारियों ने बताया कि अज्ञात आतंकवादियों ने यह हमला तब किया जब गांदरबल के गुंड में सुरंग परियोजना पर काम कर रहे मजदूर और अन्य कर्मचारी देर शाम अपने शिविर में लौट आए थे।