यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 22, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Jammu Kashmir Weather Update: तपती गर्मी से लोगों को मिली राहत, कश्मीर में दिनभर रुक-रुक कर हुई बारिश; जम्मू में छाए रहे बादल
Jammu Kashmir Weather Update कश्मीर में बारिश होने से लोगों को तपती गर्मी से राहत मिली। वहीं जम्मू में दिनभर बादल छाए रहे। मौसम विभाग के अनुसार 22 से ...और पढ़ें

जागरण टीम, श्रीनगर/जम्मू। प्रचंड गर्मी के बाद शुक्रवार को करीब डेढ़ महीने बाद जम्मू कश्मीर के अधिकतर जिलों का तापमान सामान्य से नीचे आ गया है। इससे लोगों को तपती गर्मी से राहत मिली है। सुबह कश्मीर के अधिकांश जिलों में वर्षा से तापमान में गिरावट आई है। जम्मू में दिनभर आसमान में बादल छाए रहे। यहां करीब नौ डिग्री तापमान गिरा है।
मौसम विज्ञान केंद्र श्रीनगर के अनुसार 23 जून तक मौसम राहत भरा बना रहेगा। कई स्थानों पर वर्षा व हल्के बादल छाए रहेंगे। 24 से 27 जून तक मौसम शुष्क रहेगा, लेकिन कई स्थानों पर वर्षा की संभावना से इन्कार नहीं किया जा सकता। इसके साथ प्री मानसून वर्षा होने की भी संभावना है। इस माह के अंत तक या अगले माह शुरू में मानसून सक्रिय हो सकता है।
माता वैष्णो देवी भवन में इतना रहा तापमान
जम्मू में सुबह से दोपहर तक आंशिक बादल छाए रहे। ठंडी हवा भी चल रही थी। दोपहर बाद बीच में धूप निकली, लेकिन कुछ देर में बादल छाए और मौसम फिर से राहत भरा हो गया। कुछ जगहों में हल्की बूंदाबांदी हुई है। कल के मुकाबले जम्मू का अधिकतम तापमान चार डिग्री कम होकर 35.6 डिग्री, माता वैष्णो देवी के आधार शिविर कटड़ा का अधिकतम तापमान 31.5 डिग्री तो भद्रवाह का अधिकतम तापमान 21.2 डिग्री दर्ज किया।
किस शहर का रहा कितना तापमान
बटोत का अधिकतम तापमान 22.2 डिग्री सेल्सियस रहा। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के चलते कश्मीर में कई दिनों से ऊपरी इलाकों में रुक-रुक कर वर्षा हो रही है। निचले इलाकों में आधा दिन मौसम शुष्क और आधा दिन हल्की वर्षा हो रही है, लेकिन दिनभर रुक-रुक कर वर्षा जारी रही।
खबरें और भी
तड़के से सुबह 8:30 बजे तक 5.7 मिलीमीटर, काजीगुंड में 4.2 मिलीमीटर, पहलगाम में 4.4, कुपवाड़ा में 4.0,कुकरनाग तथा गुलमर्ग में 1.4 मिलीमीटर वर्षा रिकार्ड की। वर्षा से तापमान में भी गिरावट आई है जिसके चलते भीषण गर्मी का जोर टूट गया। श्रीनगर में अधिकतम तापमान 24.2 व न्यूनतम तापमान 15.4 डिग्री रिकार्ड किया।
काजीगुंड में अधिकतम 24.9 व न्यूनतम 14.0,पहलगाम में अधिकतम 14.4 व न्यूनतम 10.4, कुपवाड़ा में अधिकतम 24.8 व न्यूनतम 12.2, कुकरनाग में अधिकतम 23.7 व न्यूनतम 15.1, पर्यटनस्थल गुलमर्ग में अधिकतम 13.1 व न्यूनतम 8.5 डिग्री रिकार्ड किया।
कब आएगा मानसून
विभाग के निदेशक डा. मुख्तार के अनुसार 22 से 23 जून को घाटी के ऊपरी इलाकों में वर्षा जारी रहने की संभावना है। इस बार बदले मौसम के मिजाज के चलते मानसून के आने में हल्की देरी हो सकती है। जम्मू कश्मीर में जून के अंत में या जुलाई के पहले सप्ताह में मानसून दाखिल हो सकता है।