22 जून को तुलमुला में सजेगा माता क्षीर भवानी का दिव्य दरबार, 20 जून को नगरोटा से रवाना होगा भक्तों का पहला जत्था
माता क्षीर भवानी मेला 22 जून को तुलमुला, कश्मीर में आयोजित होगा, जिसके लिए जम्मू से यात्रा 20 जून को नगरोटा से शुरू होगी। माता क्षीर भवानी जी यात्रा व ...और पढ़ें

माता क्षीर भवानी जी यात्रा वेल्फेयर कमेटी का दावा, पिछले एक दशक के प्रयासों से हर साल बेहतर हो रही यात्रा।
जागरण संवाददाता, जम्मू। कश्मीर के तुलमुला में 22 जून को माता क्षीर भवानी मेले का आयोजन होगा। मेले के लिए जम्मू से यात्रा 20 जून को प्रारंभ होगी। इस दिन नगरोटा से बसों का जत्था कश्मीर के लिए रवाना होगा। माता क्षीर भवानी जी यात्रा वेल्फेयर कमेटी ने प्रशासन के सहयोग से तैयारियों की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
लोगों को यात्रा के बारे में जागरूक किया जा रहा है। यह जानकारी माता क्षीर भवानी जी यात्रा वेल्फेयर कमेटी के चेयरमैन किरण वातुल ने प्रेसवार्ता में दी। उन्होंने बताया कि 10 वर्षों से सोसायटी यात्रा को बेहतर बनाने में प्रयासरत है और इसके सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। यात्रा सुगम होती जा रही है।
कश्मीर में यात्रा के लिए किए जा रहे प्रबंधों की समीक्षा के लिए तीन जून को जम्मू से सोसायटी के सदस्यों का एक दल घाटी के लिए रवाना होगा। माता क्षीर भवानी की यात्रा केवल कश्मीरी हिंदुओं की नहीं, बल्कि डोगरों की भी यात्रा है, जो अपना सहयोग प्रदान कर रहे हैं। प्रशासन भी इस यात्रा को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है और पिछले कुछ वर्षों से यात्रा के लिए बसें उपलब्ध करवा रहा है।
किरण वातुल ने सुझाव दिया कि यात्रा के लिए दिल्ली से जम्मू आने वाली बसें एसी युक्त हों, ताकि श्रद्धालु गर्मी से सुरक्षित रह सकें। मौके पर एमके योगी ने कहा कि क्षीर भवानी मेला आरंभ होने से पहले प्रशासन सभी तैयारियों को पूरा करे और सुरक्षा के उचित प्रबंध किए जाएं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।