उधमपुर के देवाल में भूस्खलन, जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पूरी तरह बंद; यात्रा न करने की सलाह
ऊधमपुर के देवाल में भूस्खलन के कारण जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग बंद हो गया है। ...और पढ़ें
-1785127187337_m.webp)
देवाल में भूस्खलन से जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग बंद (फोटो: जागरण)
HighLights
देवाल क्षेत्र में भूस्खलन से जम्मू-श्रीनगर राजमार्ग बंद हुआ।
सड़क बहाली का कार्य युद्धस्तर पर जारी है।
यात्रियों को अगले आदेश तक यात्रा न करने की सलाह।
जागरण संवाददाता, ऊधमपुर। ऊधमपुर जिले के देवाल क्षेत्र में रविवार देर रात को हुए भूस्खलन के कारण जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। प्रशासन ने मौके पर सड़क बहाली का कार्य शुरू कर दिया है, जबकि यात्रियों से अगले आदेश तक इस मार्ग पर यात्रा न करने की अपील की गई है।
देवाल क्षेत्र में पहाड़ी से मलबा और पत्थर गिरने के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग अवरुद्ध हो गया। सूचना मिलते ही संबंधित विभागों की टीमें मौके पर पहुंचीं और सड़क से मलबा हटाने का कार्य शुरू कर दिया। अधिकारियों के अनुसार मार्ग को जल्द से जल्द यातायात के लिए बहाल करने का प्रयास किया जा रहा है।
प्रशासन ने बताया कि क्षेत्र में लगातार भूस्खलन और शूटिंग स्टोन (ऊंचाई से पत्थर गिरने) का खतरा बना हुआ है। ऐसे में यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए फिलहाल इस मार्ग पर यात्रा से बचने की सलाह दी गई है।
यात्रियों से अफवाहों पर ध्यान न देने और सड़क की ताजा स्थिति केवल जम्मू-कश्मीर ट्रैफिक पुलिस के आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म तथा ट्रैफिक कंट्रोल यूनिट श्रीनगर, रामबन और जम्मू से प्राप्त करने की अपील की गई है। अधिकारियों ने कहा कि सड़क पूरी तरह सुरक्षित होने और यातायात बहाल होने के बाद अगली सूचना जारी की जाएगी।