Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    कटड़ा-रियासी मार्ग पर फिर भूस्खलन, एशिया चौक से बालनी पुल तक यातायात बंद; शिवखोड़ी जाने वाले यात्रियों की बढ़ी परेशानी

    Updated: Sun, 02 Aug 2026 03:52 PM (IST)

    लगातार बारिश के कारण कटड़ा-रियासी मार्ग पर एशिया चौक से बालनी पुल तक फिर भूस्खलन हुआ, जिससे सड़क को वाहनों की आवाजाही के लिए बंद कर दिया गया है। ...और पढ़ें

    कटड़ा-रियासी मार्ग पर भूस्खलन से यातायात बाधित, यात्रियों को परेशानी।

    कटड़ा-रियासी मार्ग पर भूस्खलन से यातायात बाधित, यात्रियों को परेशानी।

    HighLights

    1. कटड़ा-रियासी मार्ग पर एशिया चौक-बालनी पुल के बीच भूस्खलन

    2. लगातार बारिश के कारण सड़क यातायात के लिए बंद

    3. छोटे वाहनों को वैकल्पिक मार्ग से भेजा जा रहा है

    संवाद सहयोगी, कटड़ा। लगातार हो रही बारिश के चलते कटड़ा-रियासी मार्ग पर एशिया चौक से बालनी पुल तक एक बार फिर भूस्खलन होने से सड़क को एहतियातन वाहनों की आवाजाही के लिए बंद कर दिया गया है। प्रशासन ने यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए मार्ग पर यातायात रोक दिया है।

    प्रशासन के अनुसार शिवखोड़ी और रियासी की ओर जाने वाले छोटे वाहनों को फिलहाल कटड़ा के श्रीधर चौक और बाणगंगा मार्ग से भेजा जा रहा है। वहीं बड़े वाहनों की आवाजाही मुख्य मार्ग पूरी तरह सुरक्षित घोषित होने और सड़क बहाल होने के बाद ही शुरू की जाएगी।

    बताया जा रहा है कि पिछले करीब एक सप्ताह से एशिया चौक से बालनी पुल तक का मार्ग लगातार भूस्खलन की चपेट में है। बारिश के कारण पहाड़ी से बार-बार मलबा सड़क पर आ रहा है, जिससे प्रशासन को सुरक्षा कारणों से कभी मार्ग खोलना तो कभी बंद करना पड़ रहा है। इससे यात्रियों और स्थानीय लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

    लगातार हो रही बारिश के चलते जम्मू-कश्मीर के विभिन्न पहाड़ी क्षेत्रों में भी भूस्खलन की घटनाएं बढ़ गई हैं। कई स्थानों पर सड़क पर मलबा आने से यातायात प्रभावित हो रहा है और आवागमन जोखिम भरा बना हुआ है।

    प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि बारिश के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें। यदि अत्यंत आवश्यक कार्य से बाहर निकलना हो तो पहले संबंधित मार्ग की ताजा स्थिति की जानकारी अवश्य प्राप्त करें। प्रशासनिक टीमें मौके पर तैनात हैं और मार्ग को जल्द से जल्द बहाल करने के प्रयास जारी हैं।

    खबरें और भी