ठंडी हवाओं के बीच वैष्णो देवी यात्रा जारी, रोजाना 14 से 18 हजार श्रद्धालु कर रहे मां के दर्शन; सभी मार्ग सुचारू
मौसम में सुधार के साथ मां वैष्णो देवी की यात्रा सुचारू रूप से जारी है, जहां श्रद्धालु ठंडी हवाओं के बीच दर्शन कर रहे हैं। सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए ...और पढ़ें
-1785663568294_m.webp)
ठंडी हवाओं के बीच श्रद्धा के साथ जारी है मां वैष्णो देवी यात्रा, सभी यात्रा मार्ग सुचारू।
HighLights
मां वैष्णो देवी यात्रा ठंडी हवाओं के बीच सुचारू
सभी यात्रा मार्ग खुले, सुरक्षा के व्यापक प्रबंध
हेलीकॉप्टर सेवा प्रभावित, अन्य सुविधाएं नियमित
संवाद सहयोगी, कटड़ा। मौसम में सुधार के साथ मां वैष्णो देवी की यात्रा लगातार सुचारू रूप से जारी है। रविवार को भी श्रद्धालु बिना किसी विशेष परेशानी के माता के दरबार की ओर रवाना होते रहे। दिनभर बादलों और धूप के बीच लुकाछिपी का दौर चलता रहा, जबकि त्रिकूट पर्वत पर छाए बादलों और ठंडी हवाओं ने मौसम को खुशनुमा बनाए रखा।
रविवार को श्रद्धालु पंजीकरण करवाकर परिवार और मित्रों के साथ माता के जयकारे लगाते हुए भवन की ओर रवाना होते रहे। भवन पहुंचने के बाद श्रद्धालु दिव्य दर्शन कर भैरव घाटी के लिए रोपवे (केबल कार) के माध्यम से रवाना हुए तथा बाबा भैरवनाथ के दर्शन कर अपनी यात्रा पूर्ण करते नजर आए।
कटड़ा से संचालित हेलीकॉप्टर सेवा दिन में कुछ समय के लिए ही उपलब्ध हो सकी, जबकि अधिकांश समय बादलों के कारण सेवा प्रभावित रही। वहीं बैटरी कार सेवा, रोपवे (केबल कार), घोड़ा, पिट्ठू और पालकी सहित अन्य सुविधाएं श्रद्धालुओं को नियमित रूप से उपलब्ध रहीं।
बरसात के मौसम को देखते हुए यात्रा मार्ग पर सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए गए हैं। श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड, प्रशासन, एसडीआरएफ, पुलिस तथा सीआरपीएफ के अधिकारी एवं जवान विभिन्न स्थानों पर तैनात रहकर लगातार निगरानी कर रहे हैं। श्रद्धालुओं से मौसम को ध्यान में रखते हुए जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील भी की जा रही है।
खबरें और भी
माता के दर्शन के बाद श्रद्धालु कटड़ा बाजार में प्रसाद एवं अन्य धार्मिक वस्तुओं की खरीदारी करते रहे, जिससे बाजारों में भी रौनक बनी रही। हालांकि पिछले कुछ समय से यात्रा में कमी दर्ज की जा रही है और वर्तमान में प्रतिदिन लगभग 14 से 18 हजार श्रद्धालु कटड़ा पहुंच रहे हैं।
रविवार दोपहर दो बजे तक लगभग 10,500 श्रद्धालु पंजीकरण करवाकर भवन के लिए रवाना हो चुके थे, जबकि श्रद्धालुओं का आगमन देर शाम तक जारी रहा। फिलहाल माता वैष्णो देवी के सभी यात्रा मार्ग पूरी तरह सुचारू हैं और श्रद्धालु श्रद्धा एवं उत्साह के साथ अपनी यात्रा जारी रखे हुए हैं।