Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    सुहाने मौसम के बीच जारी रही मां वैष्णो देवी की यात्रा, बैटरी कार सेवा बहाल; हेलीकॉप्टर सेवा फिर हुई स्थगित

    Updated: Thu, 06 Aug 2026 04:34 PM (IST)

    सुहाने मौसम के बीच मां वैष्णो देवी की यात्रा सुचारु रूप से जारी रही, बैटरी कार सेवा बहाल कर दी गई जबकि हेलीकॉप्टर सेवा बादलों के कारण स्थगित करनी पड़ी ...और पढ़ें

    मां वैष्णो देवी यात्रा सुचारु जारी, बैटरी कार सेवा बहाल; हेलीकॉप्टर सेवा स्थगित।

    मां वैष्णो देवी यात्रा सुचारु जारी, बैटरी कार सेवा बहाल; हेलीकॉप्टर सेवा स्थगित।

    HighLights

    1. सुहाने मौसम में मां वैष्णो देवी यात्रा सुचारु रूप से जारी

    2. बैटरी कार सेवा बहाल हुई, हेलीकॉप्टर सेवा स्थगित की गई

    3. सुरक्षा और आपदा प्रबंधन के व्यापक इंतजाम किए गए हैं

    संवाद सहयोगी, कटड़ा। सुहाने मौसम के बीच वीरवार को मां वैष्णो देवी की यात्रा सुचारु रूप से जारी रही। दिनभर बारिश नहीं होने से श्रद्धालुओं को राहत मिली, जबकि ठंडी हवाओं और धूप-छांव के बीच मौसम बेहद सुहावना बना रहा। हालांकि, सुबह कुछ घंटों तक हेलीकॉप्टर सेवा संचालित हुई, लेकिन त्रिकूट पर्वत पर बादलों का घना जमाव होने के कारण बाद में इसे एहतियातन स्थगित करना पड़ा।

    श्राइन बोर्ड ने वीरवार को महत्वपूर्ण बैटरी कार मार्ग भी श्रद्धालुओं के लिए खोल दिया, जिससे बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने बैटरी कार सेवा का लाभ उठाया। वहीं अनेक श्रद्धालु पैदल इसी मार्ग से भवन की ओर बढ़ते रहे। दिनभर सभी यात्रा मार्ग पूरी तरह सुचारु रहे और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा।

    यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं के लिए रोपवे, पालकी, पिट्ठू और घोड़ा सेवाएं भी नियमित रूप से उपलब्ध रहीं। मां वैष्णो देवी के दर्शन करने के बाद श्रद्धालु भैरव घाटी पहुंचकर बाबा भैरवनाथ के दर्शन कर अपनी यात्रा पूर्ण करते रहे। यात्रा के उपरांत श्रद्धालुओं ने कटड़ा बाजार में प्रसाद और अन्य धार्मिक सामग्री की खरीदारी भी की, जिससे बाजारों में दिनभर रौनक बनी रही।

    बरसात के मौसम को देखते हुए यात्रा मार्गों पर सुरक्षा और आपदा प्रबंधन के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। श्राइन बोर्ड, प्रशासन, पुलिस, सीआरपीएफ तथा आपदा प्रबंधन दल के अधिकारी और जवान विभिन्न स्थानों पर तैनात रहकर यात्रा पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।

    खबरें और भी

    वीरवार को श्रद्धालु आरएफआईडी यात्रा कार्ड प्राप्त कर परिवार और मित्रों के साथ माता के जयकारे लगाते हुए भवन की ओर रवाना होते रहे। बुधवार को करीब 20 हजार श्रद्धालुओं ने मां वैष्णो देवी के पवित्र गुफा भवन में दर्शन किए थे। वहीं, वीरवार शाम चार बजे तक लगभग 14 हजार श्रद्धालु पंजीकरण करवा कर भवन की ओर रवाना हो चुके थे तथा श्रद्धालुओं का आगमन देर शाम तक लगातार जारी रहा।