हल्की बारिश के बीच भी मां वैष्णो देवी यात्रा जारी, सभी यात्रा मार्ग सुचारू; लेकिन ये खास सुविधा बंद
हल्की बारिश और ठंडी हवाओं के बावजूद मां वैष्णो देवी यात्रा जारी रही, जिसमें श्रद्धालुओं का उत्साह बना रहा। हेलीकॉप्टर सेवा बंद रही, लेकिन बैटरी कार और ...और पढ़ें
-1785751806643_m.webp)
हल्की बारिश के बीच जारी है मां वैष्णो देवी यात्रा।
HighLights
हल्की बारिश और ठंडी हवाओं के बावजूद यात्रा जारी रही
श्रद्धालुओं का उत्साह कम नहीं हुआ, जयकारे लगाते रहे
हेलीकॉप्टर सेवा बंद रही, अन्य सेवाएं सामान्य रहीं
संवाद सहयोगी, कटड़ा। सोमवार को मां वैष्णो देवी की यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को बीच-बीच में हल्की बारिश और ठंडी हवाओं का सामना करना पड़ा। हालांकि मौसम के उतार-चढ़ाव के बावजूद श्रद्धालुओं का उत्साह कम नहीं हुआ और वे लगातार जयकारे लगाते हुए भवन की ओर बढ़ते रहे।
बारिश के दौरान श्रद्धालु यात्रा मार्ग पर बनाए गए आश्रय स्थलों में कुछ समय के लिए विश्राम करते रहे, जबकि बारिश थमते ही अपनी यात्रा दोबारा शुरू कर दी। त्रिकूट पर्वत पर दिनभर बादलों का डेरा और रुक-रुक कर हो रही हल्की बारिश के कारण सोमवार को भी हेलीकॉप्टर सेवा संचालित नहीं हो सकी।
इसके विपरीत बैटरी कार सेवा, रोपवे सेवा, घोड़ा, पिट्ठू और पालकी सहित अन्य सभी सुविधाएं सामान्य रूप से उपलब्ध रहीं, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा।
यात्रा मार्ग पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड, पुलिस, सीआरपीएफ, एसडीआरएफ तथा आपदा प्रबंधन दल के अधिकारी और जवान पूरे मार्ग पर तैनात रहकर लगातार निगरानी कर रहे हैं। श्रद्धालुओं से मौसम को देखते हुए जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील भी की जा रही है।
श्राइन बोर्ड के अनुसार, हल्की बारिश के बावजूद सभी यात्रा मार्ग पूरी तरह सुचारू हैं और यात्रा सामान्य रूप से जारी है। सोमवार दोपहर तीन बजे तक लगभग 11 हजार श्रद्धालु पंजीकरण करवाकर भवन के लिए रवाना हो चुके थे, जबकि श्रद्धालुओं का आगमन लगातार जारी था।