जम्मू-कश्मीर के उधमपुर में रोड की बदहाली बनी हादसों की वजह, सड़क किनारे लुढ़का ट्राला
उधमपुर के सराड़ में खराब सड़क के कारण एक ट्राला सड़क किनारे लुढ़क गया, हालांकि चालक सुरक्षित बच गया। स्थानीय ग्रामीणों ने प्रशासन से सड़क की तत्काल मर ...और पढ़ें
-1782821204884_m.webp)
सराड़ में सड़क की बदहाली बनी हादसों की वजह।
HighLights
सराड़ में जर्जर सड़क के कारण ट्राला सड़क किनारे लुढ़का
चालक सुरक्षित बचा, ग्रामीणों ने बड़े हादसे की आशंका जताई
प्रशासन से सड़क की तत्काल मरम्मत और सुरक्षा उपाय की मांग
जागरण संवाददाता, उधमपुर। चनैनी तहसील के सराड़ क्षेत्र में सड़क की जर्जर हालत एक बार फिर हादसे की वजह बन गई। मंगलवार सुबह एक ट्राला सड़क के किनारे लुढ़क गया।
हालांकि, चालक समय रहते वाहन से बाहर निकल आया और किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, लेकिन स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि ट्राला कुछ फीट और नीचे खाई में चला जाता तो बड़ा हादसा हो सकता था। घटना के बाद ग्रामीणों ने प्रशासन से सड़क की तत्काल मरम्मत कराने की मांग तेज कर दी है।
मंगलवार सुबह सराड़ गांव के पास उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक ट्राला खराब सड़क के कारण संतुलन खो बैठा और सड़क किनारे लुढ़क गया।
हादसा होते ही आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए और चालक की सहायता के लिए दौड़ पड़े। गनीमत यह रही कि चालक सतर्कता दिखाते हुए तुरंत वाहन से बाहर निकल आया, जिससे वह सुरक्षित बच गया।
घटना की जानकारी देते हुए पूर्व सरपंच मक्खन सिंह मन्हास ने बताया कि इस मार्ग की हालत लंबे समय से बेहद खराब बनी हुई है। सड़क कई स्थानों पर टूटी हुई है और किनारे कमजोर हो चुके हैं, जिसके कारण भारी वाहन चालकों को हमेशा दुर्घटना का खतरा बना रहता है।
उन्होंने कहा कि मंगलवार की घटना प्रशासन के लिए चेतावनी है, क्योंकि ट्राला यदि कुछ और नीचे खिसक जाता तो वह गहरी खाई में गिर सकता था और जान-माल का भारी नुकसान हो सकता था।
स्थानीय लोगों ने बताया कि इस सड़क पर पहले भी कई छोटे-बड़े हादसे हो चुके हैं। कुछ सप्ताह पूर्व ही रात के समय उधमपुर की तरफ लौट रहा वाहन का पहिया सड़क से उतरने से बड़ा हादसा होते होते बचा था। वाहन अटक कर रुक गया, मगर रात भर रास्ता बंद रहा, जिसे बाद में ग्रमीणों ने खुद रस्सियों की मदद से खींच कर बाहर निकाल कर सड़क को बहाल किया।
पूर्व सरपंच और ग्रामीणों का आरोप है कि बार-बार शिकायतें करने के बावजूद सड़क की मरम्मत के लिए पीएमजीएसवाई ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। बरसात के मौसम में स्थिति और अधिक खराब हो जाती है, जिससे वाहन चालकों और यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
खबरें और भी
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि सड़क की तत्काल मरम्मत करवाई जाए, किनारों को मजबूत किया जाए और संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा रेलिंग लगाई जाए। उनका कहना है कि यदि समय रहते सुधार कार्य नहीं किए गए तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा हो सकता है, जिसकी जिम्मेदारी संबंधित विभाग पर होगी।