आतंकी एंगल या कुछ और? अमरनाथ यात्रा का काफिला गुजरने से पहले नाका तोड़ भागी स्कॉर्पियो, पुलिसवालों को कुचलने का प्रयास
रामबन में एक स्कॉर्पियो ने सुरक्षा नाका तोड़ा, पुलिस ने पीछा कर फायरिंग की; बाद में वाहन में गोबर मिलने से गोतस्करी का संदेह हुआ। ...और पढ़ें

अमरनाथ यात्रा का काफिला गुजरने से पहले नाका तोड़ भागी स्कॉर्पियो (जागरण फोटो)
HighLights
स्कॉर्पियो ने रामबन में सुरक्षा नाका तोड़ा, पुलिस ने पीछा किया
वाहन में गोबर मिला, गोतस्करी का संदेह
एक आरोपित गिरफ्तार, दो अन्य की तलाश जारी है
जागरण संवाददाता, उधमपुर। जम्मू-श्रीनगर हाईवे पर शुक्रवार को रामबन जिले में एक स्कॉर्पियो वाहन सुरक्षा नाका तोड़कर फरार हो गया। वाहन में आतंकी होने की आशंका पर पुलिस ने फायरिंग कर उसका पीछा किया।
इस दौरान स्कॉर्पियो सवार तीन संदिग्ध वाहन सुनसान जगह पर छोड़कर जंगल की ओर भाग निकले। घटना के कुछ समय बाद राजमार्ग से श्रीअमरनाथ यात्रा का काफिला गुजरना था, इसलिए सभी सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट कर दिया गया।
स्कॉर्पियो की जांच में अंदर गोबर बिखरा मिला। इससे वाहन का इस्तेमाल गोतस्करी के लिए होने की आशंका जताई जा रही है। देर शाम पुलिस ने भी आतंकी गतिविधि से इनकार किया है और एक आरोपित को गिरफ्तार कर लिया गया है। दो अन्य की तलाश जारी है।
सुरक्षा नाके पर रुकने के संकेत दिए
पुलिस के अनुसार, शुक्रवार तड़के करीब 3:52 बजे श्रीनगर से जम्मू की ओर आ रही काले रंग की स्कॉर्पियो (जेके02एके-1743) को रामबन के चंद्रकोट में सुरक्षा नाके पर रुकने का संकेत दिया गया। चालक ने वाहन रोकने की बजाय नाका कर्मियों को कुचलने की कोशिश करते हुए रफ्तार बढ़ा दी।
श्रीअमरनाथ यात्रा के चलते पहले से ही राजमार्ग पर अतिरिक्त सुरक्षा रखी गई है। यात्रा के चलते रात दो बजे से वाहनों की आवाजाही पर प्रतिबंध रहता है। वाहन में आतंकी होने की आशंका पर कॉन्स्टेबल रसाल चंद ने तीन फायर किए। बावजूद इसके चालक वाहन ले फरार हो गया।
सुरक्षाकर्मियों ने शुरू किया अभियान
वाहन में चालक समेत तीन लोग सवार थे। इसके आद रामबन पुलिस, स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप, सीआरपीएफ और सेना ने तलाशी अभियान शुरू किया और हाईवे से करीब आठ किलोमीटर दूर एक संपर्क मार्ग पर स्कॉर्पियो को बरामद कर लिया गया।
खबरें और भी
पुलिस ने जब जांच की तो भीतर गोबर फैला हुआ मिला। वाहन पर गोलियों के निशान भी मिले हैं। साथ ही किसी आतंकी नेटवर्क से जुड़े होने के साक्ष्य नहीं मिले। वहीं, देर शाम पुलिस ने एक आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। आरोपित की पहचान अल्ताफ मोहम्मद निवासी क्रिमची मानसर (ऊधमपुर) के रूप में हुई है। पुलिस का कहना है कि आशंका है कि वाहन का उपयोग गोवंश की तस्करी में किया जाता रहा होगा।