Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    पहले दोस्तों ने फोन कर बुलाया, फिर जबरन गाड़ी में बैठाया, 15 KM दूर ले जाकर किया कांड

    By Sher Singh Edited By: Rahul Sharma
    Updated: Tue, 21 Jul 2026 12:40 PM (IST)

    Udhampur News: ऊधमपुर में एक युवक को परिचितों ने फोन कर बुलाया, फिर जबरन वाहन में बैठाकर सुनसान जगह ले जाकर तेजधार हथियार और बेसबॉल बैट से बेरहमी से प ...और पढ़ें

    घायल युवक ने चार युवकों के खिलाफ दर्ज कराई शिकायत

    घायल युवक ने चार युवकों के खिलाफ दर्ज कराई शिकायत

    HighLights

    1. ऊधमपुर में युवक को फोन कर बुलाकर अपहरण किया गया।

    2. सुनसान जगह ले जाकर तेजधार हथियार, बेसबॉल बैट से पीटा।

    3. मोबाइल चोरी के आरोप में हुई मारपीट, पुलिस जांच जारी।

    जागरण संवाददाता, ऊधमपुर. शहर के पास रौन दोमेल क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. युवक का आरोप है कि कुछ परिचित युवकों ने पहले फोन कर उसे बुलाया, फिर जबरन वाहन में बैठाकर सुनसान इलाके में ले गए। इसके बाद तेजधार हथियार और बेसबॉल बैट से हमला किया। फिर अधमरी हालत में छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

     रौन दोमेल क्षेत्र निवासी नरेश कुमार का उपचार इन दिनों जीएमसी उधमपुर में चल रहा है। अस्पताल में उपचार के दौरान उन्होंने बताया कि रविवार शाम उन्हें चुंगी क्षेत्र में उनके साथ काम करने वाले कुछ युवकों ने फोन कर बुलाया था। जैसे ही वह वहां पहुंचे, चार युवकों ने कथित तौर पर उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। नरेश के अनुसार, आरोपियों ने उन्हें जबरन एक वाहन में बैठाया और शहर से करीब 15 किलोमीटर दूर जिब क्षेत्र में ले गए। वहां उन पर तेजधार हथियार और बेसबॉल बैट से हमला किया गया।

     हमलावर लगा रहे थे मोबाइल चोरी का आरोप 

    उन्होंने आरोप लगाया कि हमलावर उन पर मोबाइल फोन चोरी करने का आरोप लगा रहे थे और लगातार फोन वापस करने की मांग कर रहे थे। नरेश का कहना है कि उन्होंने कोई फोन नहीं लिया था, इसलिए वह उन्हें कुछ भी नहीं दे सके। युवक ने बताया कि लगातार मारपीट के कारण वह बेहोश हो गए। सोमवार तड़के करीब चार बजे जब उन्हें होश आया तो किसी तरह एक मेटाडोर में बैठकर अपने घर पहुंचे और परिवार को पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद परिजन उन्हें तत्काल उपचार के लिए जीएमसी उधमपुर लेकर पहुंचे।

     आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग 

    घायल युवक के पिता ज्ञान चंद ने बताया कि मामले की शिकायत संबंधित पुलिस थाने में दर्ज करा दी गई है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, शिकायत मिलने के बाद मामला दर्ज कर लिया गया है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच शुरू कर दी गई है। जांच पूरी होने के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

    खबरें और भी