जम्मू-कश्मीर: उधमपुर में तवी नदी खतरे के निशान के करीब, प्रशासन ने बढ़ाई चौकसी
लगातार बारिश के कारण उधमपुर में तवी नदी का जलस्तर अलर्ट लेवल पार कर खतरे के निशान से महज आधा मीटर दूर है। ...और पढ़ें

जम्मू-कश्मीर: उधमपुर में तवी नदी खतरे के निशान के करीब (जागरण फोटो)
HighLights
तवी नदी का जलस्तर अलर्ट लेवल पार कर गया।
खतरे के निशान से अब केवल आधा मीटर दूर।
जिला प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की।
जागरण संवाददाता, उधमपुर। लगातार हो ही बारिश के चलते नदी का जलस्तर पिछले तीन दिनों में तेजी से बढ़ गया है। गुरुवार दोपहर तवी नदी ने अलर्ट लेवल पार कर लिया और अब खतरे के निशान(डेंजर लेवल) पर पहुंचने से महज आधा मीटर ही दूर रह गई है।
जलस्तर में लगातार हो रही वृद्धि को देखते हुए जिला प्रशासन ने निगरानी बढ़ा दी है और नदी किनारे तथा निचले इलाकों में रहने वाले लोगों से सतर्क रहने के साथ नदी नालों के पास न जाने की अपील कर दी है।
बाढ़ नियंत्रण विभाग के अनुसार सलमेय पुल स्थित गेज स्टेशन पर गुरुवार दोपहर एक बजे तवी नदी का जलस्तर 18.315 फीट (करीब 5.58 मीटर) दर्ज किया गया। यह 15 फीट (4.57 मीटर) के अलर्ट लेवल से 3.315 फीट (करीब 1.01 मीटर) ऊपर है, जबकि 20 फीट (6.10 मीटर) के खतरे के निशान से अब केवल 1.685 फीट (करीब 0.51 मीटर) की दूरी पर है। गेज रिपोर्ट के अनुसार नदी का जलस्तर लगातार वृद्धि हो रही है।
बारिश के कारण पिछले दो दिनों में नदी के जलस्तर में असामान्य वृद्धि दर्ज की गई है। मंगलवार शाम छह बजे तवी का जलस्तर 5.994 फीट (करीब 1.83 मीटर) था, जो बुधवार शाम सात बजे बढ़कर 7.659 फीट (करीब 2.33 मीटर) हो गया। इसके बाद अगले 18 घंटे के भीतर जलस्तर में तेज उछाल आया और गुरुवार दोपहर तक यह बढ़कर 18.315 फीट (करीब 5.58 मीटर) पहुंच गया।
मौसम विभाग की ओर से लगातार बारिश की संभावना जताए जाने के बीच प्रशासन ने नदी के जलस्तर पर नजर रखने के लिए संबंधित विभागों को अलर्ट पर रखा है। तवी नदी का जलस्तर बढ़ने के बाद जिला प्रशासन ने एहतियाती कदम तेज कर दिए हैं।
प्रशासन, पुलिस, सिविल डिफेंस और एसडीआरएफ की संयुक्त टीमें निचले इलाकों तथा नदी-नालों के किनारे बसे क्षेत्रों का लगातार दौरा कर रही हैं। टीमें लोगों को जलस्तर में वृद्धि की जानकारी देते हुए सतर्क रहने, अनावश्यक रूप से नदी और नालों के पास नहीं जाने तथा किसी भी आपात स्थिति में तुरंत प्रशासन को सूचना देने के लिए जागरूक कर रही हैं। अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि वह अफवाहों पर ध्यान न दें, केवल प्रशासन द्वारा जारी आधिकारिक एडवाइजरी का पालन करें।