विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

वैष्णो देवी यात्रा: बारिश और कीचड़ ने बढ़ाई श्रद्धालुओं की परेशानी, आश्रय स्थलों में रुकने को मजबूर हुए भक्त

Published: Sun, 06 Sep 2026 03:26 PM (IST)

रविवार को वैष्णो देवी यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को तेज बारिश और बदलते मौसम का सामना करना पड़ा, फिर भी उनकी आस्था कम नहीं हुई।

बादलों की लुकाछिपी के बीच भक्तों ने किए दर्शन।

बादलों की लुकाछिपी के बीच भक्तों ने किए दर्शन।


संवाद सहयोगी,जागरण कटड़ा। लगातार हो रही बरसात का असर वैष्णो देवी की यात्रा पर साफ नजर आ रहा है। श्रद्धालुओं को कभी बारिश, कभी ठंडी हवाओं तो कभी धूप का सामना करना पड़ रहा है। बावजूद इसके भक्तों का उत्साह और आस्था कम नहीं हुई है और मां वैष्णो देवी की यात्रा लगातार जारी है। हालांकि रविवार सुबह भारी बारिश के चलते कुछ घंटों के लिए श्रद्धालुओं को आश्रय स्थलों में रुकना पड़ा।

बारिश थमते ही दिखी श्रद्धालुओं की भक्ति

बेशक कुछ समय के लिए श्रद्धालू बारिश के चलते रुके फिर जैसे ही बरसात रुकी तो श्रद्धालु पूरे जोश और श्रद्धा के साथ भवन की ओर रवाना हुए।

हालांकि बारिश के चलते यात्रा मार्ग पर कई स्थानों पर कंकड़-पत्थर और कीचड़ होने से श्रद्धालुओं को परेशानी का सामना करना पड़ा। तमाम दिक्कतों के बावजूद श्रद्धालु जयकारे लगाते हुए लगातार भवन की ओर बढ़ते रहे।

वहीं, रविवार को दिनभर मौसम का मिजाज बदलता रहा। सुबह कुछ समय के लिए मौसम साफ होने पर श्रद्धालुओं को हेलीकाप्टर सेवा भी उपलब्ध हुई। इसके बाद कुछ घंटों के भीतर त्रिकूट पर्वत पर घने बादलों का जमघट लग गया। आसमान में बादलों और सूर्यदेव के बीच लुकाछिपी का खेल दिनभर चलता रहा।

यह भी पढ़ें- वैष्णो देवी हेलीकॉप्टर सेवा होगी महंगी! अब श्रद्धालुओं को चुकाना होगा अधिक किराया

बिगड़ते मौसम के बीच सुचारू रूप से जारी यात्रा

देश के विभिन्न हिस्सों से मां वैष्णो देवी के दर्शन के लिए कटड़ा पहुंचे श्रद्धालु पंजीकरण करवाने के साथ आरएफआइडी यात्रा कार्ड प्राप्त कर परिवार और मित्रों के साथ भवन की ओर निरंतर प्रस्थान करते रहे।

श्रद्धालुओं की यात्रा सुरक्षित रहे और उन्हें किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए आपदा प्रबंधन दल, श्राइन बोर्ड प्रशासन, पुलिस विभाग और सीआरपीएफ के अधिकारी व जवान यात्रा मार्ग पर विभिन्न स्थानों पर तैनात हैं। सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी की जा रही है।

मौसम पल-पल बदलने के बावजूद फिलहाल मां वैष्णो देवी की यात्रा सुचारु रूप से जारी है। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को बैटरी कार सेवा, रोपवे, घोड़ा-खच्चर और पालकी सहित अन्य सुविधाएं उपलब्ध हो रही हैं। श्रद्धालु इन सेवाओं का लाभ उठाते हुए अपनी यात्रा पूरी कर रहे हैं।

रविवार दोपहर बाद तीन बजे तक करीब 12 हजार श्रद्धालु पंजीकरण करवाकर भवन की ओर प्रस्थान कर चुके थे, जबकि कटड़ा पहुंचने वाले श्रद्धालुओं का सिलसिला लगातार जारी रहा।