विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मां वैष्णो देवी की यात्रा सुचारू रूप से जारी, मौसम के बदलते मिजाज के बीच श्रद्धालुओं को मिल रहीं सभी सुविधाएं

Published: Sat, 05 Sep 2026 03:36 PM (IST)

मां वैष्णो देवी की यात्रा सुचारू रूप से जारी है, श्राइन बोर्ड द्वारा सभी आवश्यक सुविधाएं प्रदान की जा रही हैं।

मां वैष्णो देवी की यात्रा के दौरान श्रद्धा और उत्साह के साथ भवन की ओर बढ़ते श्रद्धालु। फोटो जागरण।

मां वैष्णो देवी की यात्रा के दौरान श्रद्धा और उत्साह के साथ भवन की ओर बढ़ते श्रद्धालु। फोटो जागरण।

HighLights

  1. यात्रा सुचारू रूप से जारी, श्राइन बोर्ड की सुविधाएं।

  2. बदलते मौसम के बावजूद श्रद्धालुओं में उत्साह बरकरार।

  3. आपदा प्रबंधन दल, पुलिस द्वारा यात्रा मार्गों की निगरानी।

जागरण संवाददाता, कटड़ा। बदलते मौसम के बीच विश्व प्रसिद्ध मां वैष्णो देवी की यात्रा पूरी तरह सुचारू रूप से जारी है। रविवार को दिनभर श्रद्धालु जयकारे लगाते हुए पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ भवन की ओर रवाना होते रहे।

यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को फिलहाल किसी तरह की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ रहा है और श्राइन बोर्ड प्रशासन की ओर से आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं।

तेज बारिश के बाद भी नहीं रुकी यात्रा

बीते शनिवार रात भवन की ओर रवाना हुए श्रद्धालुओं को यात्रा के दौरान करीब दो से तीन घंटे तक तेज बारिश का सामना करना पड़ा। बारिश के कारण श्रद्धालु कुछ समय के लिए यात्रा मार्ग पर बनाए गए आश्रय स्थलों में रुककर मौसम साफ होने का इंतजार करते नजर आए।

बारिश का दौर थमने के बाद श्रद्धालुओं ने दोबारा भवन की ओर प्रस्थान शुरू कर दिया। इस दौरान उन्हें तेज और ठंडी हवाओं का भी सामना करना पड़ा।

यह भी पढ़ें- हिमाचल के कांगड़ा एयरपोर्ट से माता वैष्णों देवी की नगरी जम्मू के लिए शुरू होगी उड़ान, धार्मिक पर्यटन चमकेगा

बिगड़ते मौसम ने स्थगित की हेलीकाप्टर सेवा

रविवार को मौसम में कुछ सुधार देखने को मिला। सुबह कुछ समय के लिए श्रद्धालुओं को हेलीकाप्टर सेवा भी उपलब्ध हुई, लेकिन बाद में त्रिकूट पर्वत पर बादलों का जमावड़ा होने के कारण हेलीकाप्टर सेवा स्थगित करनी पड़ी।वहीं, दिनभर आसमान में बादलों और सूर्य के बीच लुकाछिपी का खेल चलता रहा।

दिशा-निर्देशों का पालन करने की सलाह दी जा रही सलाह

बारिश के मौसम को देखते हुए वर्तमान में यात्रा कर रहे श्रद्धालु अपने साथ हल्के गर्म कपड़े और बरसाती लेकर यात्रा कर रहे हैं।

मौसम के पल-पल बदलते मिजाज को देखते हुए मां वैष्णो देवी के सभी यात्रा मार्गों पर आपदा प्रबंधन दल, श्राइन बोर्ड प्रशासन, पुलिस और सीआरपीएफ के अधिकारी व जवान लगातार निगरानी रख रहे हैं।

श्रद्धालुओं को मौसम और यात्रा मार्ग से संबंधित दिशा-निर्देशों का पालन करने की सलाह दी जा रही है, ताकि यात्रा सुरक्षित बनी रहे।

रविवार को देश के विभिन्न हिस्सों से कटड़ा पहुंचे श्रद्धालु दिनभर पंजीकरण करवाकर परिवार और मित्रों के साथ मां वैष्णो देवी के भवन की ओर रवाना होते रहे।

फिलहाल मां वैष्णो देवी के सभी यात्रा मार्ग खुले हैं और यात्रा सुचारू रूप से चल रही है। रविवार दोपहर तीन बजे तक करीब 11 हजार श्रद्धालु पंजीकरण करवाकर भवन की ओर रवाना हो चुके थे, जबकि श्रद्धालुओं का कटड़ा पहुंचना लगातार जारी रहा।

यह भी पढ़ें- रघुनाथ मंदिर से गूंजेगा आंदोलन का शंखनाद, माता वैष्णों देवी कॉलेज में सीट बंटवारे के विवाद पर जम्मू में धरना