जम्मू से कश्मीर तक जल्द दौड़ेगी वंदे भारत एक्सप्रेस, DRM ने किया कंफर्म
जम्मू रेलवे मंडल के डीआरएम विवेक कुमार ने पुष्टि की है कि कटड़ा-कश्मीर वंदे भारत रेल सेवा जल्द ही जम्मू तक विस्तारित होगी। तैयारियां अंतिम चरण में हैं ...और पढ़ें

HighLights
वंदे भारत सेवा जल्द जम्मू तक विस्तारित होगी
कटड़ा-कश्मीर मार्ग पर सफल संचालन जारी है
कटड़ा स्टेशन पर तीसरा एस्केलेटर शुरू हुआ
संवाद सहयोगी, उधमपुर। जम्मू रेलवे मंडल के डीआरएम विवेक कुमार ने कहा कि कटड़ा से कश्मीर के बीच संचालित वंदे भारत रेल सेवा को जल्द जम्मू तक विस्तारित किया जाएगा। इस संबंध में तैयारियां अंतिम चरण में हैं। वंदे भारत ट्रेन जम्मू से यात्रियों को लेकर कश्मीर के लिए जल्द रवाना होगी। इससे देशभर के यात्रियों को नई सुविधा मिलेगी।
डीआरएम ने कटड़ा में बातचीत के दौरान बताया कि कटड़ा से कश्मीर के बीच वंदे भारत ट्रेन का सफल संचालन हो रहा है और यात्रियों को बेहतर सुविधाएं दी जा रही हैं। विशेषकर बारिश, प्राकृतिक आपदा और बर्फबारी के दौरान यह ट्रेन यात्रियों के लिए सुरक्षित और सुविधाजनक विकल्प साबित हो रही है। सेवा के जम्मू तक विस्तार से जम्मू क्षेत्र और कश्मीर घाटी के बीच यात्रा और सुगम हो जाएगी।
उन्होंने बताया कि कटड़ा स्टेशन पर लगातार यात्री सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है ताकि मां वैष्णो देवी की यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो। भविष्य में भी यात्रियों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए रेलवे प्रशासन सुविधाओं में और बढ़ोतरी करेगा।
कटड़ा रेलवे स्टेशन पर तीसरा एस्केलेटर शुरू
डीआरएम विवेक कुमार ने शुक्रवार को कटड़ा रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुविधा के लिए तीसरे एस्केलेटर का उद्घाटन किया। नए एस्केलेटर से यात्रियों, विशेषकर बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को काफी राहत मिलेगी।