बोकारो में बंद मकान पर चोरों का धावा, 1 किलो सोना-10 किलो चांदी और नकदी की चोरी; सीसीटीवी उपकरण भी ले गए चोर
बोकारो के कसमार में चोरों ने एक बंद मकान को निशाना बनाते हुए लगभग 2 करोड़ रुपये के सोने-चांदी के जेवरात और नकदी चुरा ली। ...और पढ़ें

बोकारो में बढ़ रही चोरी की घटनाएं। (प्रतीकात्मक फोटो)
संवाद सहयोगी, कसमार (बोकारो)। झारखंड के बोकारो जिले के कसमार थाना क्षेत्र में चोरों के हौसले बुलंद हैं। दांतु बाजारटांड़ स्थित दुर्गा मड़ई मंदिर के समीप एक बंद मकान को चोरों ने फिर निशाना बनाते हुए करीब दो करोड़ रुपये के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। घर में एक साल पहले भी चोरी हुई थी।
बेखौफ चोर ताला तोड़कर करीब 10 किलोग्राम चांदी (कीमत करीब 24 लाख रुपये), एक किलोग्राम सोने के जेवरात (कीमत करीब 1.45 करोड़ रुपये), 54,260 रुपये नकद, सीसीटीवी के उपकरण समेत तांबे-पीतल के बर्तन लेकर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।
गृहस्वामी कैलाश कुमार नायक ने घटना के संबंध मे कसमार थाने में प्राथमिकी दर्ज करवाई है। शिकायतकर्ता ने बताया है कि वे बीते पांच अगस्त को चिनिया गढ़ा (पतकी) स्थित अपनी दीदी के घर गए हुए थे।
मूसलाधार बारिश के कारण वे रात में वापस नहीं लौट सके। छह अगस्त की सुबह जब उन्होंने अपने मोबाइल से घर में लगे सीसीटीवी कैमरे की लाइव फीड चेक की, तो सभी कैमरे आफलाइन दिखे। इसके बाद वह लौटे।
मुख्य दरवाजा बाहर से लाक था, लेकिन अंदर प्रवेश करते ही कमरों और अलमारियों के ताले टूटे मिले तथा सारा सामान बिखरा पड़ा था। चोरी का सुराग मिटाने की नीयत से शातिर चोर घर में स्थापित सीपी प्लस कंपनी का एनवीआर-3 वाई-फाई कैमरे, जियो टीवी सेट-अप बाक्स और कंप्यूटर मानिटर का एडाप्टर भी अपने साथ उखाड़ ले गए।
इसके अलावा घर में रखे पुश्तैनी बर्तन (कांसा व पीतल की थारी, लोटा, कटोरी, गमला आदि) भी गायब थे। गृहस्वामी के अनुसार उनके घर में चोरी की यह दूसरी घटना है।
इससे पूर्व 13 सितंबर 2025 को भी उनके घर में चोरी हुई थी, जिसकी सूचना उनके भाई सुधीर कुमार प्रीतम ने थाने में दी थी। एक ही घर में दूसरी बार हुई इतनी बड़ी वारदात से पीड़ित परिवार सदमे में है और स्थानीय ग्रामीणों में असुरक्षा का माहौल है।
खबरें और भी
सूचना मिलते ही पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। भुक्तभोगी ने पुलिस प्रशासन से जल्द से जल्द मामले का उद्भेदन कर चोरी गए सामान की बरामदगी और दोषियों की गिरफ्तारी की मांग की है।