बोकारो पुलिस को मिलीं 78 नई बोलेरो, चलाने के लिए चालक नहीं; 69 ड्राइवरों पर 278 वाहनों का भार
बोकारो पुलिस को चार माह में 78 नई बोलेरो मिली हैं, लेकिन इन्हें चलाने के लिए पर्याप्त चालक नहीं हैं। जिले में केवल 69 चालक हैं, जिन पर पहले से मौजूद 2 ...और पढ़ें

बोकारो पुलिस के पास वाहन चालकों की कमी। (प्रतीकात्मक फोटो एआइ)
अरविंद, बोकारो। झारखंड के बोकारो जिले में पुलिसिंग को मजबूत करने के लिए चार माह में 78 नई बोलेरो तो मिल गईं, लेकिन इन्हें सड़क पर उतारने के लिए पर्याप्त चालक नहीं हैं। जिले में महज 69 चालक उपलब्ध हैं, जबकि पहले से करीब 200 छोटे-बड़े पुलिस वाहनों के संचालन की जिम्मेदारी भी इन्हीं पर है। ऐसे में नई गाड़ियों से गश्ती और त्वरित पुलिसिंग के लिए विभाग को फिलहाल जुगाड़ व्यवस्था का सहारा लेना पड़ेगा।
मार्च में जिले को 39 नई बोलेरो मिली थीं, जबकि बीते शुक्रवार को 39 और वाहन थानों को सौंप दिए गए। वाहनों की संख्या बढ़ने के बावजूद चालकों की संख्या जस की तस बनी हुई है। ऐसे में नई गाड़ियों को सड़क पर उतारने के लिए पुलिस को फिलहाल जुगाड़ व्यवस्था का सहारा लेना पड़ेगा।
वर्तमान में जिले में केवल 69 चालक उपलब्ध हैं। इनमें 66 सिपाही चालक और तीन हवलदार चालक शामिल हैं। इन्हीं चालकों के जिम्मे नई बोलेरो के अलावा जिले में पहले से मौजूद करीब 200 छोटे-बड़े पुलिस वाहनों के चलाने की जिम्मेदारी भी है।
आइजी, डीआइजी और एसपी के वाहनों के साथ पांच डीएसपी, करीब 40 थाना प्रभारियों व सर्किल इंस्पेक्टरों, पुलिस लाइन में तैनात साजेंट मेजर, मेजर तथा अन्य अधिकारियों के वाहनों के लिए भी इन्हीं चालकों से काम लिया जाता है। ऐसे में 78 नए वाहनों के लिए अलग से चालक उपलब्ध कराना पुलिस विभाग के सामने बड़ी चुनौती बन गया है।
नई बोलेरो को थानों में खड़ा रखने के बजाय पुलिसिंग में इस्तेमाल करने के लिए फिलहाल उपलब्ध संसाधनों से काम चलाने की तैयारी है। जरूरत के अनुसार होमगार्ड में प्रशिक्षित चालकों, ड्राइविंग में दक्ष पुलिसकर्मियों तथा अन्य उपलब्ध संसाधनों का इस्तेमाल किया जाएगा। इसके जरिए नई गाड़ियों से नियमित गश्ती, छापेमारी और आपात स्थिति में पुलिस की त्वरित पहुंच सुनिश्चित करने का प्रयास होगा।
खबरें और भी
हालांकि, यह व्यवस्था स्थायी समाधान नहीं मानी जा रही है। जानकारों का कहना है कि पुलिस को नए वाहन उपलब्ध कराना स्वागतयोग्य कदम है, लेकिन वाहनों के अनुरूप प्रशिक्षित चालकों की नियुक्ति या प्रतिनियुक्ति भी जरूरी है।
बीते दिन शुक्रवार को जब वाहन चालकों की कमी का प्रश्न पुलिस लाइन वाहन वितरण कार्यक्रम के दौरान उपस्थित बोकारो प्रक्षेत्र के आइजी शैलेंद्र कुमार सिन्हा ने कहा कि सरकार वाहनों की कमी पुरी कर रही है। बहुत जल्द चालकों की भी कमी पूरी होगी।