BSL Diwali Gift: बोकारो इस्पात संयंत्र की अनूठी पहल, 20 हजार ठेका श्रमिकों को मिलेगा रिलायंस गिफ्ट कूपन
Bokaro Steel Plant News: बोकारो इस्पात संयंत्र (BSL) अपने 20 हजार ठेका श्रमिकों को दीपावली से पहले रिलायंस गिफ्ट कूपन ...और पढ़ें

20 हजार मजदूरों को मिलेगा रिलायंस कंपनी का गिफ्ट कार्ड।
HighLights
20 हजार ठेका श्रमिकों को रिलायंस गिफ्ट कूपन।
दीपावली से पहले 1200 रुपये तक की मुफ्त खरीदारी।
संयंत्र के शानदार प्रदर्शन का इनाम श्रमिकों को।
जागरण संवाददाता, बोकारो। बोकारो इस्पात संयंत्र प्रबंधन ने इस बार अपने ठेका श्रमिकों की दीपावली को खास और रोशन बनाने का निर्णय लिया है। सेल प्रबंधन चालू वित्त वर्ष 2026-27 की पहली और दूसरी तिमाही में कंपनी के अभूतपूर्व और शानदार प्रदर्शन को देखते हुए बोकारो में कार्यरत लगभग 20 हजार महिला और पुरुष ठेका श्रमिकों को उपहार स्वरूप रिलायंस कंपनी का गिफ्ट कूपन कार्ड देने जा रही है। इन कूपन्स का वितरण दीपावली फेस्ट से ठीक पहले कर दिया जाएगा।
1200 रुपये तक की मुफ्त खरीदारी का मौका
मिलने वाली जानकारी के अनुसार, इस रिलायंस गिफ्ट कार्ड के माध्यम से सभी ठेका श्रमिक लगभग 1200 रुपये मूल्य तक के खाद्य पदार्थ (ग्रॉसरी) समेत अन्य आवश्यक सामग्री की बेझिझक खरीदारी कर सकेंगे।
इस कार्ड की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसका उपयोग बोकारो सहित देश के किसी भी अधिकृत रिलायंस या संबंधित प्रतिष्ठान में किया जा सकता है, जिससे श्रमिकों को अपनी पसंद का सामान चुनने की पूरी आज़ादी होगी।
शानदार वित्तीय प्रदर्शन और उत्पादन का इनाम
चालू वित्त वर्ष की शुरुआती दो तिमाहियों में बोकारो इस्पात संयंत्र ने उत्पादन और मुनाफे के मोर्चे पर जो कीर्तिमान रचे हैं, उसने सेल की सभी एकीकृत इकाइयों के बीच बीएसएल को एक विशिष्ट स्थान दिलाया है। स्थानीय प्रबंधन कर्मचारियों, अधिकारियों के साथ-साथ रीढ़ की हड्डी माने जाने वाले ठेका श्रमिकों का मनोबल और उत्साह बनाए रखने के लिए यह सौगात लेकर आया है।
गौरतलब है कि प्रबंधन की नीति के तहत जहां एक ओर बीएसएल के नियमित कर्मचारियों और अधिकारियों को अमेज़न (Amazon) कंपनी का गिफ्ट कार्ड दिया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर ठेका श्रमिकों के चेहरे पर मुस्कान लाने के लिए रिलायंस कंपनी के गिफ्ट कूपन कार्ड की व्यवस्था की गई है।
10 हजार करोड़ रुपये के मुनाफे का बड़ा लक्ष्य
सेल मुख्यालय ने चालू वित्त वर्ष 2026-27 की समाप्ति यानी 31 मार्च 2027 तक कुल 10 हजार करोड़ रुपये के भारी-भरकम मुनाफे का महत्वाकांक्षी लक्ष्य तय किया है। इसी कड़ी में आगामी 27 अक्टूबर को नई दिल्ली में सेल बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स की एक अहम बैठक आहूत की गई है।
इस उच्चस्तरीय मीटिंग में कंपनी प्रबंधन चालू वित्त वर्ष का छमाही वित्तीय परिणाम आधिकारिक रूप से जारी करने वाला है, जिस पर पूरे देश के औद्योगिक जगत की निगाहें टिकी हुई हैं।
इस दीपावली बोकारो के ठेका श्रमिकों के घरों में भी खुशियों के दीप प्रज्वलित होंगे, क्योंकि प्रबंधन के इस सहयोगात्मक और संवेदनशीलता से भरे कदम ने यह साबित कर दिया है कि कंपनी के विकास में हर एक कामगार का योगदान बहुमूल्य है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।