बोकारो ट्रेनीज होस्टल मैदान फिर खुला खिलाड़ियों के लिए, आधार कार्ड जमा कर मिलेगा प्रवेश
Bokaro News: खिलाड़ियों के विरोध प्रदर्शन के बाद बोकारो के ट्रेनीज होस्टल मैदान में प्रवेश की अनुमति मिल गई है, जिससे वे अब प्रशिक्षण हासिल कर सकेंगे। ...और पढ़ें

बोकारो के ट्रेनीज होस्टल मुख्य द्वार पर प्रदर्शन करते युवा। (फोटोः जागरण)।
जागरण संवाददाता, बोकारो। बोकारो इस्पात नगर के सेक्टर तीन स्थित ट्रेनीज होस्टल के परिसर में एक प्रबंध प्रशिक्षु के साथ मारपीट की घटना के बाद बाहरी लोगों के हास्टल के प्रवेश पर पाबंदी लगा दी गई। इससे ट्रेनीज होस्टल के मैदान में प्रशिक्षण हासिल करने वाले खिलाड़ियों व फिटनेस के लिए टहलने वाले लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
खिलाड़ियों व फिटनेस के लिए टहलने वाले लोगों ने मंगलवार को प्रात:काल ट्रेनीज होस्टल सेक्टर तीन के मुख्य द्वार के समीप विरोध प्रदर्शन किया। इसकी सूचना मिलते ही बीएसएल के अधिकारी वहां पहुंचे। खिलाड़ियों ने उनसे मैदान में प्रशिक्षण हासिल करने व फिटनेस के लिए टहलने की अनुमति प्रदान करने का अनुरोध किया।
अधिकारियों ने बहाली युवा संघ, बोकारो के प्रतिनिधियों से बातचीत की। खिलाड़ियों ने शांतिपूर्ण एवं एकजुट होकर अपनी बात रखी, जिसके बाद सेल के अधिकारियों ने वार्ता की और खिलाड़ियों के ग्राउंड में आने-जाने की व्यवस्था सुनिश्चित की। इसके पश्चात पांच दिनो से बंद ट्रेनिंग होस्टल ग्राउंड को पुनः खिलाड़ियों के लिए खोलने का मार्ग प्रशस्त हुआ।
अब यहां खिलाड़ी प्रशिक्षण हासिल कर सकेंगे। लोग फिटनेस के लिए मैदान में टहल सकेंगे। वार्ता में कहा गया कि सभी खिलाड़ी एवं ग्राउंड उपयोगकर्ता अपने आधार कार्ड की फोटो कापी पर अपना मोबाइल नंबर और हस्ताक्षर करके राजू कुमार, खुर्शीद आलम, मृत्युंजय नाथ चौधरी, आशीष कुमार व चंदन कुमार के पास जमा करेंगे।
खबरें और भी
प्रशिक्षक मृत्युंजय नाथ चौधरी ने कहा कि सभी खिलाड़ी, भर्ती की तैयारी कर रहे युवा एवं फिटनेस के लिए आने वाले लोग जल्द से जल्द अपने दस्तावेज़ जमा करें, ताकि भविष्य में ग्राउंड में प्रवेश करने में किसी प्रकार की असुविधा न हो।
सुबह पांच बजे से हासिल कर सकेंगे प्रशिक्षण
खिलाड़ी ट्रेनीज हास्टल के परिसर में सुबह 5:00 बजे से 10:00 बजे एवं संध्या 4:00 बजे से 7:30 बजे तक प्रशिक्षण हासिल कर रकेंगे। लोग इसी समय में मैदान में टहल सकेंगे। युवा भर्ती की भी तैयारी कर सकेंगे।