बोकारो में शादी की खुशियां मातम में बदलीं, सड़क हादसे में तीन युवकों की दर्दनाक मौत
Bokaro News: पिंड्राजोरा के बेड़ानी मोड़ के पास एनएच-32 पर अज्ञात वाहन की चपेट में आने से शादी से लौट रहे तीन युवकों की मौत हो गई। ...और पढ़ें

घटनास्थल पर लोगों का बयान दर्ज करती पुलिस। (फोटो जागरण)
HighLights
पिंड्राजोरा में अज्ञात वाहन की चपेट में आए तीन युवक।
शादी समारोह से लौटते समय हुआ दर्दनाक हादसा।
पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालकर कर रही जांच।
संवाद सहयोगी, पिंड्राजोरा (बोकारो)। झारखंड के बोकारो जिले के पिंड्राजोरा थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात दर्दनाक सड़क हादसे में शादी समारोह से लौट रहे तीन युवकों की मौत हो गई। तीनों एक ही बाइक पर सवार थे और रास्ते में किसी अज्ञात वाहन की चपेट में आ गए। हादसे के बाद शादी की खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं, जबकि पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।
घटना पिंड्राजोरा थाना क्षेत्र के एनएच-32 स्थित बेड़ानी मोड़ के पास सोमवार देर रात करीब 1:30 बजे घटी। सूचना मिलने पर पिंड्राजोरा थाना प्रभारी रवि कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और तीनों शवों को अनुमंडल अस्पताल भिजवाया। मंगलवार सुबह करीब छह बजे मृतकों की पहचान पिंड्राजोरा थाना क्षेत्र के भंड्रो गांव निवासी 18 वर्षीय आर्यन महतो (पिता हीरालाल महतो), संथालाडीह निवासी 19 वर्षीय अमर कुमार महतो (पिता अमृत महतो) तथा भवानीपुर साइड सांगजोड़ी निवासी 20 वर्षीय सुमित गोराई (पिता दुलाल महतो) के रूप में हुई।
पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। तीनों युवक बोराडीह गांव में एक शादी समारोह में शामिल होकर अपने-अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान बेड़ानी मोड़ के पास किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। तीनों युवक अविवाहित थे।
मृतक आर्यन महतो के पिता हीरालाल महतो ने बताया कि सोमवार रात करीब आठ बजे तीनों युवक शादी समारोह में शामिल होने के लिए घर से निकले थे, लेकिन वापस नहीं लौट सके। घटना के बाद तीनों परिवारों में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
खबरें और भी
अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। थाना प्रभारी रवि कुमार ने बताया कि अज्ञात वाहन की पहचान कर चालक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। हादसे के बाद कुछ देर तक एनएच-32 पर लोगों की भीड़ जुटी रही।
पुलिस ने लोगों को समझाकर यातायात सामान्य कराया। एक साथ तीन युवकों की मौत की खबर से भंड्रो, संथालाडीह और भवानीपुर साइड सांगजोड़ी गांव में शोक की लहर दौड़ गई। मंगलवार को बड़ी संख्या में ग्रामीण मृतकों के घर पहुंचे और परिजनों को सांत्वना दी।
जेएलकेएम नेता अर्जुन रजवार, जिला परिषद सदस्य राजेश महतो, मुखिया अंबुज महतो तथा पंचायत समिति सदस्य सपन कुमार महतो ने पीड़ित परिवारों से मिलकर ढांढस बंधाया और सरकार की ओर से मिलने वाली सहायता राशि दिलाने का आश्वासन दिया।