Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    SAIL में ई-डी पदोन्नति का रास्ता साफ: अगस्त के पहले हफ्ते में इंटरव्यू, CGM प्रमोशन लिस्ट 25 जुलाई तक

    Updated: Thu, 23 Jul 2026 01:02 PM (IST)

    सेल में अधिशासी निदेशक (ED) पद पर पदोन्नति की प्रक्रिया तेज हो गई है, अगस्त के पहले सप्ताह में साक्षात्कार होंगे। मुख्य महाप्रबंधक (CGM) पदोन्नति सूची ...और पढ़ें

    सेल में ईडी और सीजीएम पदों पर पदोन्नति का रास्ता साफ, अगस्त में साक्षात्कार।

    सेल में ईडी और सीजीएम पदों पर पदोन्नति का रास्ता साफ, अगस्त में साक्षात्कार।

    HighLights

    1. अगस्त के पहले सप्ताह में ईडी पद के लिए साक्षात्कार होंगे।

    2. सीजीएम पदोन्नति सूची 25 जुलाई तक जारी होने की संभावना।

    3. सेल में खाली पड़े ईडी पदों को भरने की कवायद जारी।

    जागरण संवाददाता, बोकारो। स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (सेल) में मुख्य महाप्रबंधक से अधिशासी निदेशक (ED) पद पर पदोन्नति की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। इस पद की अर्हता रखने वाले योग्य उम्मीदवारों का साक्षात्कार अगस्त माह के पहले सप्ताह में होने की संभावना है।

    बोकारो इस्पात संयंत्र सहित पूरे सेल से लगभग 90 सीजीएम इस साक्षात्कार प्रक्रिया में शामिल होंगे, जिनमें से 16 से 18 अधिकारियों को ईडी बनाने की योजना सेल मुख्यालय की है। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए ऑनलाइन आयोजित होने वाला यह साक्षात्कार दो से तीन दिनों तक चलेगा।

    नियम के अनुसार, ईडी पद के लिए केवल वही सीजीएम साक्षात्कार में शामिल हो सकेंगे, जिन्होंने इस पद पर न्यूनतम 3 वर्ष की सेवा पूरी कर ली हो और जिनकी सेवानिवृत्ति में कम से कम 1 वर्ष का समय बचा हो। नव-प्रोन्नत ईडी का कार्यकाल 30 जून 2025 से प्रभावी माना जाएगा। पदोन्नति के साथ ही कई वरिष्ठ अधिकारियों के तबादले भी किए जाएंगे।

    25 जुलाई तक आ सकता है सीजीएम का प्रमोशन ऑर्डर

    दूसरी ओर, सेल प्रबंधन ने जनरल मैनेजर (GM) से चीफ जनरल मैनेजर (CGM) पद पर पदोन्नति की प्रक्रिया पूरी कर ली है। साक्षात्कार समाप्त होने के बाद अब पदोन्नति सूची जारी करने की कवायद अंतिम चरण में है।

    संभावना जताई जा रही है कि 25 जुलाई तक सीजीएम का प्रमोशन ऑर्डर जारी कर दिया जाएगा। इसके तहत पूरे सेल में लगभग 40 से 45 अधिकारियों को प्रोन्नति मिल सकती है, जिनमें बोकारो इस्पात संयंत्र के 8 से 10 अधिकारी शामिल हैं।
    ईडी के रिक्त पदों को भरने की कवायद

    सेल मुख्यालय अपनी विभिन्न इकाइयों में अधिशासी निदेशक (ED) के खाली पड़े पदों को भरने के लिए यह कवायद कर रहा है। वर्तमान में सेल की कई इकाइयों में ईडी के पदों पर सीजीएम स्तर के अधिकारियों को अतिरिक्त प्रभार देकर काम चलाया जा रहा है।

    केवल बोकारो इस्पात संयंत्र की बात करें, तो यहां पिछले 8 महीनों से 'ईडी फाइनेंस' का पद स्थायी रूप से खाली है और सीजीएम स्तर के अधिकारी ही इसका अतिरिक्त कार्यभार संभाल रहे हैं।

    खबरें और भी

    इस साल सेवानिवृत्त हो रहे कई अधिकारी

    इसके अलावा, सेल कॉर्पोरेट ऑफिस के ईडी एस. जे. अहमद और ग्रोथ डिवीजन (कुल्टी) के ईडी अनिल कुमार बीते 30 जून को सेवानिवृत्त हो चुके हैं। इस वर्ष के अंत तक कई अन्य इकाइयों में भी ईडी के पद रिक्त होने वाले हैं।

    • अगस्त: तरुण मिश्रा (ईडी कार्मिक, राउरकेला) और के. रामकृष्णन (ईडी, एसएसओ रांची)
    • सितंबर: एम. बी. बालकृष्णन (ईडी फाइनेंस, कॉर्पोरेट ऑफिस)
    • अक्टूबर: अनिल कुमार (ईडी सामग्री प्रबंधन, राउरकेला) और सुरेंद्र कुमार (ईडी फाइनेंस, सीएमओ)
    • नवंबर: डॉ. जयनाथ (ईडी प्रोजेक्ट, कॉर्पोरेट ऑफिस), प्रवीण कुमार (ईडी प्रोजेक्ट, इस्को बर्नपुर) और भिलाई इस्पात संयंत्र के ईडी (सामग्री प्रबंधन)
    • दिसंबर (31 दिसंबर): अनूप कुमार (ईडी, भद्रावती इस्पात संयंत्र)

    प्रबंधन का मानना है कि समय पर पदोन्नति सूची जारी होने से संयंत्रों और कॉर्पोरेट कार्यालय के प्रशासनिक व वित्तीय कामकाज में गति आएगी।

    यह भी पढ़ें- CISF को सौंपी जा सकती है रेलवे की सुरक्षा? राज्यसभा में उठेगा सवाल