चतरा में हनुमान मंदिर की दीवार पर आपत्तिजनक शब्द लिखे जाने से बवाल, बाजार बंद कर सड़क पर उतरे ग्रामीण
चतरा के दंतार गांव में पंचमुखी हनुमान मंदिर की दीवार पर आपत्तिजनक शब्द लिखने से ग्रामीण आक्रोशित हैं। हिन्दू समुदाय ने विरोध में दुकानें बंद कर टायर ज ...और पढ़ें
HighLights
दंतार गांव में हनुमान मंदिर की दीवार पर आपत्तिजनक शब्द लिखे।
आक्रोशित ग्रामीणों ने दुकानें बंद कर आरोपी की गिरफ्तारी मांगी।
प्रशासन ने शांति बनाए रखने और दोषियों पर कार्रवाई का आश्वासन दिया।
संवाद सूत्र, हंटरगंज (चतरा)। झारखंड के चतरा जिले के वशिष्ठ नगर थाना क्षेत्र स्थित दंतार गांव में गुरुवार को माहौल उस वक्त तनावपूर्ण हो गया, जब असामाजिक तत्वों ने पंचमुखी हनुमान मंदिर की दीवार पर आपत्तिजनक शब्द लिख दिए।
इस घटना की खबर फैलते ही हिंदू समुदाय के लोगों में भारी आक्रोश फूट पड़ा। विरोध स्वरूप ग्रामीणों ने दंतार गांव के तिरमुहानी चौक पर टायर जलाकर प्रदर्शन किया और पूरे क्षेत्र की दुकानें स्वतः स्फूर्त बंद हो गईं।
आरोपी की गिरफ्तारी पर अड़े ग्रामीण
घटना के बाद सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण मंदिर परिसर के पास जमा हो गए। आक्रोशित लोग इस शर्मनाक कृत्य में शामिल दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग पर अड़े हुए हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि जब तक पुलिस आरोपियों को पकड़कर जेल नहीं भेजती, उनका विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए दंतार बाजार पूरी तरह से बंद रहा और लोगों ने सड़क जाम कर अपना विरोध दर्ज कराया।
प्रशासन ने संभाला मोर्चा
हंगामे की सूचना मिलते ही वशिष्ठ नगर थाना प्रभारी अमित कुमार सिंह दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने उग्र ग्रामीणों को शांत कराने की कोशिश की और भरोसा दिलाया कि धार्मिक भावनाएं भड़काने वाले किसी को बख्शा नहीं जाएगा।
इसके साथ ही अंचल अधिकारी (CO) रितिक कुमार ने भी घटनास्थल का जायजा लिया और लोगों से शांति व संयम बनाए रखने की अपील की।
पुलिस की अपील और सतर्कता
ग्रामीणों ने इस मामले की जानकारी चतरा एसपी सुमित कुमार अग्रवाल और डीएसपी को फोन पर दी है। प्रशासन ने इलाके में अतिरिक्त सतर्कता बरतते हुए लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और दुकानें खोलने का आग्रह किया है।
हालांकि, स्थानीय लोग अभी भी अपनी मांग को लेकर अडिग हैं। पुलिस सीसीटीवी और स्थानीय मुखबिरों की मदद से आरोपियों को चिह्नित करने में जुटी है।
यह भी पढ़ें- भोजपुरी-अंगिका विवाद में JTET नियमावली अटकी, 21 अप्रैल से शुरू होनेवाली आवेदन प्रक्रिया स्थगित
यह भी पढ़ें- Mica Smuggling: झारखंड से चीन तक फैला माइका तस्करी का जाल, HC में CAG की रिपोर्ट; रसूखदारों के नाम आए सामने