भोजपुरी-अंगिका विवाद में JTET नियमावली अटकी, 21 अप्रैल से शुरू होनेवाली आवेदन प्रक्रिया स्थगित
झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (JTET) 2026 की नियमावली को कैबिनेट की मंजूरी नहीं मिली है, जिससे आवेदन प्रक्रिया स्थगित हो गई है। भोजपुरी और अंगिका सहित ...और पढ़ें

वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर और ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने भाषा विवाद का मुद्दा उठाया। (फोटो: एक्स से फाइल)
HighLights
JTET 2026 नियमावली को कैबिनेट से मंजूरी नहीं मिली।
भोजपुरी-अंगिका भाषा विवाद के कारण आवेदन स्थगित।
झारखंड के लाखों अभ्यर्थी परीक्षा के लिए कर रहे इंतजार।
डिजिटल डेस्क, रांची। झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (JTET) 2026 की नियमावली को कैबिनेट से मंजूरी नहीं मिल सकी है। भोजपुरी और अंगिका समेत अन्य स्थानीय भाषाओं को शामिल करने के विवाद के कारण 21 अप्रैल से शुरू होने वाली आवेदन प्रक्रिया को तत्काल स्थगित कर दिया गया है।
वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर और ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने कैबिनेट बैठक में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के समक्ष स्थानीय भाषाओं को JTET में शामिल करने की जोरदार मांग रखी।
कांग्रेस के दोनों मंत्रियों ने कहा कि भोजपुरी, अंगिका, मगही, मैथिली, संथाली और खोरठा जैसी भाषाओं को बाहर रखने से राज्य के सवा करोड़ से अधिक लोगों की भाषाई अधिकार प्रभावित होंगे।
राधाकृष्ण किशोर ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि ये भाषाएं पहले JTET में शामिल थीं। राज्य के कई जिलों खासकर पलामू, गढ़वा, चतरा, धनबाद, बोकारो, हजारीबाग और संथाल परगना क्षेत्र में इन भाषाओं को बोलने वाले अभ्यर्थियों की बड़ी संख्या है।
दीपिका पांडेय सिंह ने विशेष रूप से गोड्डा सहित संथाल परगना के जिलों का जिक्र करते हुए कहा कि अंगिका, संथाली और खोरठा बोलने वाले युवाओं को शिक्षक भर्ती में समान अवसर मिलना चाहिए।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने दोनों मंत्रियों को आश्वासन दिया कि फिलहाल JTET नियमावली पर कोई निर्णय नहीं लिया जाएगा। मामले पर विस्तृत विचार-विमर्श के बाद ही अंतिम फैसला होगा।
झारखंड हाई कोर्ट के आदेश के बाद शिक्षा विभाग ने JTET 2026 की प्रक्रिया शुरू की थी। नियमावली को कैबिनेट मंजूरी मिलने के बाद 21 अप्रैल से आवेदन शुरू होने वाले थे, लेकिन भोजपुरी-अंगिका विवाद के कारण पूरी प्रक्रिया रुक गई है।
शिक्षा विभाग अब कैबिनेट से मंजूरी मिलने तक JTET का विज्ञापन और आवेदन प्रक्रिया स्थगित रखेगा। लाखों अभ्यर्थी इस परीक्षा का इंतजार कर रहे हैं। विभाग जल्द ही नई अपडेट जारी कर सकता है।