Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    चतरा के हरलाल तालाब सूर्य मंदिर का होगा कायाकल्प, लाइट और साउंड के जरिए दिखेगी सांस्कृतिक विरासत

    Updated: Wed, 05 Aug 2026 03:13 PM (IST)

    चतरा के हरलाल तालाब सूर्य मंदिर को आधुनिक लाइट एंड साउंड सिस्टम से सुसज्जित कर पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा। ...और पढ़ें

    हरलाल तालाब सूर्य मंदिर

    हरलाल तालाब सूर्य मंदिर

    HighLights

    1. हरलाल तालाब सूर्य मंदिर का आधुनिक सुविधाओं से विकास होगा।

    2. लाइट एंड साउंड सिस्टम से दिखेगी जिले की सांस्कृतिक विरासत।

    3. डीएमएफटी फंड से होगा मंदिर परिसर का सौंदर्यीकरण।

    जुलकर नैन, चतरा। शहर के हरलाल तालाब सूर्य मंदिर परिसर को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित कर पर्यटन और धार्मिक दृष्टि से विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है। मंदिर परिसर एवं तालाब में अत्याधुनिक लाइट एंड साउंड सिस्टम स्थापित किया जाएगा। जिससे यह स्थल श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए आकर्षण का नया केंद्र बनेगा। 

    इस महत्वाकांक्षी योजना का खर्च जिला खनिज फाउंडेशन ट्रस्ट (डीएमएफटी) की राशि से वहन किया जाएगा। योजना के तहत जिले की धार्मिक, सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक तथ्यों को प्रकाश और ध्वनि के माध्यम से प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया जाएगा। 

    शाम के समय होने वाला लाइट एंड साउंड शो लोगों को मंदिर के इतिहास, आस्था और सांस्कृतिक विरासत से रूबरू कराएगा। इससे न केवल स्थानीय लोगों को जानकारी मिलेगी, बल्कि बाहर से आने वाले पर्यटकों को भी जिले की समृद्ध विरासत जानने का अवसर मिलेगा।

    ग्रामीण विकास विशेष प्रमंडल को दायित्व सौंपा

    उपायुक्त रवि आनंद ने योजना को मूर्त रूप देने के लिए ग्रामीण विकास विशेष प्रमंडल को दायित्व सौंपा है। ग्रामीण विकास विशेष प्रमंडल को विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन (डीपीआर) तैयार करने का निर्देश दिया है। 

    डीपीआर तैयार होने के बाद प्रशासनिक स्वीकृति मिलने पर निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा। अधिकारियों का मानना है कि आधुनिक तकनीक के उपयोग से सूर्य मंदिर की पहचान राज्य के प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों में स्थापित होगी। 

    योजना के पूरा होने से हरलाल तालाब सूर्य मंदिर की भव्यता और अधिक बढ़ेगी। रात्रिकालीन रोशनी से पूरा परिसर आकर्षक दिखाई देगा, जिससे लोगों की आवाजाही बढ़ेगी और स्थानीय व्यापार को भी लाभ मिलेगा। साथ ही जिले के पर्यटन विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है। प्रशासन का उद्देश्य धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक विरासत और आधुनिक तकनीक का समन्वय कर इस स्थल को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाना है।

    खबरें और भी

    कहां है हरलाल तालाब सूर्य मंदिर

    हरलाल तालाब सूर्य मंदिर विकास भवन की उत्तर दिशा में स्थित है। विकास भवन से सूर्य मंदिर की दूरी करीब ढाई से तीन सौ मीटर है। सूर्य मंदिर का निर्माण हाल के वर्षों में हुआ है। जबकि तालाब का निर्माण दशकों पूर्व हुआ है। छठ पर्व पर व्रती यहां पर भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित करते हैं। तालाब के निकट ही गौशाला है। तालाब के पूरब में महिला महाविद्यालय और इको पार्क तथा जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम है।

    हरलाल तालाब सूर्य मंदिर परिसर में साउंड एवं लाइट सिस्टम स्थापित करने की योजना बनाई गई है। इसके लिए ग्रामीण विकास विशेष प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता को डीपीआर तैयार करने का निर्देश दिया गया है। साउंड एवं लाइट सिस्टम के साथ-साथ उसका सौंदर्यीकरण भी कराया जाएगा। - रवि आनंद, उपायुक्त, चतरा।