चतरा में सवारी गाड़ी पलटने से हादसा: करीब एक दर्जन लोग घायल; पुलिस के मदद से पहुंचाया गया अस्पताल
चतरा में सदर और गिद्धौर थाना क्षेत्र की सीमा पर जापुट गांव के पास एक सवारी वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसमें करीब एक दर्जन लोग घायल हो गए। ...और पढ़ें
-1780469031535_m.webp)
HighLights
सवारी वाहन दुर्घटनाग्रस्त, एक दर्जन लोग घायल।
जापुट गांव के समीप चालक ने नियंत्रण खोया।
घायलों को सदर अस्पताल चतरा भेजा गया।
संवाद सहयोगी, चतरा। सदर एवं गिद्धौर थाना क्षेत्र की सीमा पर स्थित जापुट गांव के समीप बुधवार सुबह करीब नौ बजे एक सवारी वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस हादसे में वाहन पर सवार करीब एक दर्जन लोग घायल हो गए। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई।
स्थानीय ग्रामीणों की तत्परता एवं पुलिस के सहयोग से सभी घायलों को वाहन से बाहर निकालकर इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा गया। जानकारी के अनुसार कान्हाचट्टी क्षेत्र के कुछ लोग किसी कार्य से पत्थलगड़ा गए हुए थे।
कार्य समाप्त होने के बाद सभी लोग सवारी वाहन से वापस अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान जापुट गांव के समीप चालक वाहन पर से नियंत्रण खो बैठा। नियंत्रण बिगड़ते ही वाहन सड़क किनारे पलट गया और दुर्घटनाग्रस्त हो गया। वाहन के पलटते ही उसमें सवार यात्रियों के बीच चीख-पुकार मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में घटनास्थल पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए दुर्घटनाग्रस्त वाहन में फंसे लोगों को बाहर निकालना शुरू किया। हादसे के कारण कुछ समय के लिए इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
स्थानीय लोगों द्वारा तत्काल इसकी सूचना पुलिस प्रशासन को दी गई। सूचना मिलते ही गिद्धौर थाना एवं सदर थाना की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य में जुट गई। पुलिस ने ग्रामीणों के सहयोग से सभी घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला।
खबरें और भी
इसके बाद एंबुलेंस की व्यवस्था कर सभी घायलों को प्राथमिक उपचार एवं बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल चतरा भेजा गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वाहन की गति अपेक्षाकृत तेज थी, जिसके कारण चालक संतुलन नहीं बना सका और दुर्घटना हो गई।
हालांकि पुलिस दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच कर रही है। चिकित्सकों के अनुसार सभी घायलों का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है। अधिकांश घायलों की स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है।
पुलिस ने बताया कि दुर्घटना की सूचना मिलते ही त्वरित कार्रवाई करते हुए राहत कार्य संचालित किया गया। मामले की जांच की जा रही है तथा दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है। हादसे के बाद क्षेत्र में कुछ समय तक लोगों की भीड़ लगी रही।