Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    चतरा में जैन मंदिर से चोरी हुई 100 साल पुरानी 50 लाख की अष्टधातु मूर्ति 2 घंटे में बरामद, चोर गिरफ्तार

    Updated: Fri, 22 May 2026 09:58 AM (IST)

    चतरा के इटखोरी में शांतिनाथ दिगंबर जैन मंदिर से चोरी हुई 100 साल पुरानी अष्टधातु की 24 तीर्थंकर प्रतिमाएं महज दो घंटे में बरामद कर ली गईं। इसकी कीमत ल ...और पढ़ें

    चतरा में 50 लाख की अष्टधातु प्रतिमाएं दो घंटे में बरामद, एक चोर गिरफ्तार।

    चतरा में 50 लाख की अष्टधातु प्रतिमाएं दो घंटे में बरामद, एक चोर गिरफ्तार।

    HighLights

    1. 100 साल पुरानी अष्टधातु प्रतिमाएं बरामद।

    2. चोरी के दो घंटे में प्रतिमाएं मिलीं, आरोपी गिरफ्तार।

    3. छह दिन पहले चोरी हुई जेसीबी जंगल से मिला।

    संवाद सूत्र, चतरा। चतरा जिले की इटखोरी थाना पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए शांतिनाथ दिगंबर जैन मंदिर से चोरी हुई करीब 100 साल पुरानी अष्टधातु की 24 तीर्थंकर प्रतिमा को बरामद कर लिया है।

    पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए चोरी की इस घटना का पर्दाफाश महज दो घंटे के भीतर कर दिया, जबकि चार घंटे के अंदर मुख्य आरोपी को भी धर दबोचा। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मयूरहंड थाना क्षेत्र के साले गांव निवासी संदीप सिंह के रूप में की गई है।

    पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी गई बहुमूल्य प्रतिमा और घटना में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल को बरामद कर जब्त कर लिया है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में बरामद अष्टधातु की इस प्रतिमा की कीमत लगभग 50 लाख रुपये बताई जा रही है।

    इस संबंध में पुलिस अधीक्षक अनिमेष नैथानी ने गुरुवार को आयोजित एक प्रेस वार्ता में पूरे मामले की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 20 मई को जैन मंदिर से प्रतिमा की चोरी होने के बाद इटखोरी थाना में अज्ञात चोरों के विरुद्ध कांड संख्या 65/2026, धारा 305(डी) बीएनएस के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी।

    मामले की संवेदनशीलता और गंभीरता को देखते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के निर्देश पर इटखोरी थाना प्रभारी अभिषेक कुमार सिंह के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया था। टीम को मिली गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संदीप सिंह को हिरासत में लिया।

    कड़ाई से की गई पूछताछ में उसने जैन मंदिर में चोरी की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। इसके बाद पुलिस ने उसकी निशानदेही पर अष्टधातु की बनी 24 तीर्थंकर प्रतिमा एवं घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल को सकुशल बरामद कर लिया।

    एसपी ने बताया कि आरोपी संदीप सिंह नशे की लत का शिकार है और उसने संध्या आरती के बाद मंदिर में सूनापन देखकर इस चोरी की घटना को अंजाम दिया था। वह इन बेशकीमती प्रतिमाओं को दिल्ली ले जाकर बेचने की फिराक में था, लेकिन इससे पहले कि वह अपने मंसूबों में कामयाब हो पाता, चतरा पुलिस ने उसे दबोच लिया।

    खबरें और भी

    पुलिस इस कांड में शामिल अन्य संभावित आरोपियों और इसके पीछे जुड़े किसी बड़े नेटवर्क की संलिप्तता को लेकर भी गहन जांच में जुटी है। इस त्वरित कार्रवाई को अंजाम देने वाली छापेमारी टीम में मुख्य रूप से इटखोरी थाना प्रभारी अभिषेक कुमार सिंह, सहायक अवर निरीक्षक दुखीराम महतो, आरक्षी ओम प्रकाश यादव, आरक्षी अर्जुन कुमार एवं आरक्षी रविकांत सिंह शामिल थे।

    छह दिन में चोरी हुई जेसीबी बरामद, जंगल में छोड़ भागे चोर

    संवाद सूत्र, टंडवा। टंडवा पुलिस ने चोरी हुई जेसीबी मशीन को महज छह दिनों के भीतर बरामद कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने मशीन को केरेडारी क्षेत्र के बेल चौक के समीप कोंडराबागी जंगल मार्ग से बरामद किया। जानकारी के अनुसार शहीद चौक से जेसीबी मशीन चोरी होने के बाद मालिक शंकर प्रजापति ने टंडवा थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई थी।

    मामले को गंभीरता से लिया गया,कांड संख्या 114/26 दर्ज करते हुए पुलिस इंस्पेक्टर पप्पू कुमार शर्मा के नेतृत्व में लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा था। पुलिस टीम द्वारा संदिग्ध ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही थी।

    पुलिस का दबाव बढ़ता देख चोर जेसीबी मशीन को जंगल के रास्ते छोड़कर फरार हो गए। इसके बाद पुलिस ने मशीन को बरामद कर लिया। पुलिस अब चोरी में शामिल आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। अधिकारियों ने जल्द ही पूरे मामले का खुलासा करने का दावा किया है। 

    यह भी पढ़ें- ऑपरेशन नवजीवन: सारंडा से लेकर गुमला तक हिली माओवादियों की जड़ें, 33 लाख के इनामी नक्सलियों समेत 27 का सरेंडर

    यह भी पढ़ें- Jharkhand Heatwave: 'यह सामान्य गर्मी नहीं, संभावित स्वास्थ्य आपदा है'; स्वास्थ्य मंत्री ने की सुबह 11 से शाम 4 बजे तक धूप से बचने की अपील