Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    चतरा में बिहार भेजी जा रही 16 लाख की शराब जब्त, पुलिस को कुचलने की कोशिश नाकाम

    By Zulqar NainEdited By: Rajat Mourya
    Updated: Mon, 03 Aug 2026 03:43 PM (IST)

    चतरा पुलिस ने बिहार ले जाई जा रही 16 लाख रुपये मूल्य की 3700 बोतल विदेशी शराब जब्त की है। पुलिस टीम को कुचलने का प्रयास करने के बाद पीछा करने पर तस्कर ...और पढ़ें

    चतरा में 16 लाख की अवैध शराब जब्त, पुलिस को कुचलने की कोशिश नाकाम

    चतरा में 16 लाख की अवैध शराब जब्त, पुलिस को कुचलने की कोशिश नाकाम

    HighLights

    1. चतरा पुलिस ने 16 लाख की विदेशी शराब जब्त की।

    2. धान के भूसे के नीचे छिपाकर बिहार ले जाई जा रही थी।

    3. पुलिस का पीछा करने पर ट्रक पलटा, चालक फरार।

    जागरण संवाददाता, चतरा। चतरा पुलिस ने अवैध शराब तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 16 लाख रुपये मूल्य की 3700 बोतल विदेशी शराब जब्त की है। यह खेप ट्रक में धान के भूसे के नीचे छिपाकर बिहार तस्करी के लिए ले जाई जा रही थी।

    कार्रवाई के दौरान तस्करों ने पुलिस टीम को कुचलने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस की सतर्कता से बड़ी घटना टल गई।

    पुलिस के पीछा करने पर ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया, जबकि चालक मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया। पुलिस अब ट्रक नंबर और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पूरे तस्करी नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।

    गुप्त सूचना पर घेराबंदी, पीछा करते ही पलटा ट्रक

    सोमवार को सदर थाना में आयोजित प्रेस वार्ता में एसडीपीओ सन्नी वर्धन ने बताया कि पुलिस अधीक्षक अनिमेष नैथानी को सूचना मिली थी कि भारी मात्रा में विदेशी शराब की खेप चतरा के रास्ते बिहार भेजी जा रही है।

    सूचना के आधार पर उनके नेतृत्व में सदर थाना प्रभारी अनिल उरांव के नेतृत्व में विशेष छापामारी टीम गठित की गई।

    सदर थाना क्षेत्र के शेरेगड़ा के पास वाहन जांच अभियान के दौरान संदिग्ध ट्रक को रोकने का इशारा किया गया, लेकिन चालक ने पुलिसकर्मियों को कुचलने का प्रयास करते हुए तेज रफ्तार से वाहन भगा दिया।

    पुलिस टीम ने पीछा किया तो संघरी घाटी मोड़ के पास ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। दुर्घटना के बाद चालक फरार होने में सफल रहा।

    भूसे के नीचे छिपी थी शराब, नेटवर्क खंगाल रही पुलिस

    दुर्घटनास्थल पर पहुंचे पुलिसकर्मियों ने देखा कि ट्रक का डाला धान के भूसे से भरा हुआ था। जांच के दौरान भूसे के नीचे विदेशी शराब की बड़ी खेप छिपाकर रखी गई थी। ट्रक पलटने से भूसा हट गया और शराब की बोतलें सड़क पर बिखर गईं।

    पुलिस ने मौके से कुल 3700 बोतल विदेशी शराब बरामद की, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 16 लाख रुपये बताई जा रही है।

    एसडीपीओ ने कहा कि ट्रक के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर फरार चालक और तस्करों की पहचान की जा रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि शराब की खेप किस राज्य से लाई गई थी और बिहार में किस गिरोह तक पहुंचाई जानी थी। पुलिस का कहना है कि जल्द ही पूरे तस्करी नेटवर्क का पर्दाफाश किया जाएगा।

    खबरें और भी