झारखंड की अंडर-17 और अंडर-19 फुटबॉल टीमों ने नेशनल चैंपियनशिप में लहराया परचम
राजस्थान में आयोजित 10वीं नेशनल फुटबॉल चैंपियनशिप में झारखंड की अंडर-17 और अंडर-19 टीमों ने राष्ट्रीय खिताब जीता। इस ऐतिहासिक सफलता से राज्य में खुशी ...और पढ़ें

नेशनल फुटबॉल चैंपियनशिप में झारखंड का दबदबा, अंडर-17 व अंडर-19 टीम बनी चैंपियन।
HighLights
झारखंड की अंडर-17 टीम ने महाराष्ट्र को हराकर खिताब जीता।
अंडर-19 टीम ने मेजबान राजस्थान को हराकर ट्रॉफी पर कब्जा किया।
राष्ट्रीय प्रतियोगिता से लौटने पर सिमरिया में खिलाड़ियों का भव्य स्वागत।
संवाद सूत्र, सिमरिया (चतरा)। राजस्थान के सिरोही जिले स्थित अबू रोड में 4 से 6 जून तक आयोजित एसडीपीएफ भारत की 10वीं नेशनल फुटबॉल चैंपियनशिप में झारखंड की अंडर-17 एवं अंडर-19 फुटबॉल टीमों ने शानदार प्रदर्शन किया।
टीम ने राष्ट्रीय खिताब अपने नाम कर लिया। दोनों वर्गों में मिली इस ऐतिहासिक सफलता से पूरे राज्य में खुशी की लहर है। प्रतियोगिता के अंडर-17 वर्ग के फाइनल मुकाबले में झारखंड की टीम ने महाराष्ट्र को पराजित कर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।
वहीं अंडर-19 वर्ग के फाइनल में झारखंड ने मेजबान राजस्थान को शिकस्त देकर ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि ने झारखंड का नाम राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया है। राष्ट्रीय प्रतियोगिता से विजयी होकर लौटने पर सिमरिया में खिलाड़ियों का भव्य स्वागत किया गया।
प्रखंड विकास पदाधिकारी चंद्रदेव प्रसाद, झामुमो केंद्रीय सदस्य मनोज कुमार चंद्रा, मुख्य संरक्षक एनुअल हक समेत अन्य लोगों ने खिलाड़ियों को फूल-माला पहनाकर सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर झारखंड राज्य फुटबॉल टीम के संयुक्त सचिव एवं कोच अजय कुमार तथा टीम मैनेजर भीम गंजू ने कहा कि खिलाड़ियों ने अनुशासन, टीम भावना और कठिन परिश्रम के बल पर यह सफलता अर्जित की है। उन्होंने विश्वास जताया कि उचित अवसर और संसाधन मिलने पर ये खिलाड़ी राष्ट्रीय ही नहीं, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी राज्य का नाम रोशन करेंगे।
बीडीओ चंद्रदेव प्रसाद ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल आज करियर का सशक्त माध्यम बन चुका है, लेकिन इसके लिए निरंतर मेहनत और समर्पण आवश्यक है। उन्होंने खिलाड़ियों से आगे भी इसी तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन कर क्षेत्र और राज्य का गौरव बढ़ाने का आह्वान किया।