यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Apr 20, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
नॉर्थ कर्णपुरा बिजली प्लांट में लगी भीषण आग, करोड़ों के नुकसान की आशंका; आग पर काबू पाने की कोशिश जारी
North Karnapura Thermal Project नॉर्थ कर्णपुरा बिजली परियोजना परिसर में शुक्रवार को भीषण आग लग गई जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। शुक्रवार दोपहर 2 बज ...और पढ़ें

HighLights
- भेल कंपनी को करोड़ों रुपये का नुकसान
- स्टाक यार्ड में रखे डेढ़ हजार बंडल फाइबर केबल जलकर स्वाहा
- चार घंटों की मशक्कत के बाद आग पर नहीं पाया गया काबू
संवाद सूत्र, टंडवा (चतरा)। North Karnapura Thermal Project एनटीपीसी (NTPC) के उत्तरी कर्णपुरा मेगा विद्युत ताप परियोजना परिसर में शुक्रवार को आग लग गई। जिससे परियोजना क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। घटना शुक्रवार दोपहर 2 बजे के करीब की है। घटना परियोजना के भीतर स्थित यूनिट थ्री से सटे सात नंबर स्टाक यार्ड के समीप की है।
घटना की जानकारी जैसे ही एनटीपीसी के अधिकारियों को मिली तो सभी ने आनन-फानन में इसकी जानकारी दमकल की टीम को दी। आग पर काबू पाने के लिए हर संभव प्रयास किया जा रहा है, लेकिन चार घंटों की मशक्त के बाद भी स्थिति अनुकूल नहीं हो सकी है।
घटना का कारण स्पष्ट नहीं
आग पर काबू पाने के लिए आधा दर्जन से अधिक अग्निशमन वाहन लगे हुए हैं। जिला मुख्यालय से दो और दमकल वाहन मंगवाए गए हैं। जानकारी के अनुसार, जिस इलाके में आग लगी उसके चंद दूरी में दर्जनों मजदूर काम कर रहे थे। आग कैसे लगी, यह स्पष्ट नहीं हो सका है।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि परियोजना के स्टॉक यार्ड में अचानक आग लगने और धुआं निकलते देख लोग अचंभित हो गए। परियोजना के आसपास के इलाकों में तापमान बढ़ने के साथ लोगों को सांस लेने में दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
खबरें और भी
वहीं, आग की लपटों को फैलता देख एनटीपीसी पतरातु परियोजना से फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां बुलाई जा रही हैं। एनटीपीसी के पदाधिकारी फिलहाल कुछ भी कहने से परहेज कर रहे हैं।
डेढ़ हजार बंडल फाइबर केबल जलकर राख
जानकारी के अनुसार, इस घटना में एनटीपीसी यूनिट थ्री के निर्माण में उपयोग किया जाने वाला करीब डेढ़ हजार बंडल फाइबर केबल जलकर स्वाहा हो गया, जिसकी कीमत करोड़ों में बताई जा रही है।