चतरा में म्यूटेशन के नाम पर घूस ले रहा था कर्मचारी, एसीबी ने रंगे हाथ दबोचा
चतरा में एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) ने म्यूटेशन के नाम पर 10 हजार रुपये रिश्वत लेते राजस्व कर्मचारी सतीश कुमार को रंगे हाथ गिरफ्तार किया।

एसीबी ने रंगे हाथ दबोचा
HighLights
एसीबी ने चतरा में राजस्व कर्मचारी को रिश्वत लेते पकड़ा।
म्यूटेशन के लिए 10 हजार रुपये की रिश्वत मांगी गई थी।
रंगे हाथ गिरफ्तारी के बाद कर्मचारी को हजारीबाग ले जाया गया।
संवाद सूत्र, चतरा। सदर अंचल क्षेत्र में भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई की। दोपहर के करीब 12:45 बजे एसीबी टीम ने म्यूटेशन कराने के एवज में दस हजार रुपये रिश्वत लेते राजस्व कर्मचारी सतीश कुमार को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी की कार्रवाई सदर अंचल के कर्मचारी भवन से हुई है। कार्रवाई के बाद एसीबी की टीम गिरफ्तार राजस्व कर्मचारी को अपने साथ हजारीबाग ले गई।
म्यूटेशन के एवज में रिश्वत की मांग
जानकारी के अनुसार, लेम पंचायत हल्का सात में पदस्थापित राजस्व कर्मचारी सतीश प्रसाद द्वारा एक व्यक्ति से जमीन के म्यूटेशन के एवज में रिश्वत की मांग की जा रही थी। रिश्वत मांगे जाने की शिकायत संबंधित व्यक्ति ने एसीबी से की थी।
एसीबी की टीम ने उसे रंगे हाथ दबोच लिया
शिकायत के सत्यापन के बाद एसीबी की टीम ने मामले को सही पाया और राजस्व कर्मचारी को पकड़ने के लिए जाल बिछाया। पूर्व निर्धारित योजना के तहत मंगलवार को शिकायतकर्ता रिश्वत की रकम लेकर राजस्व कर्मचारी के पास पहुंचा। जैसे ही सतीश कुमार ने दस हजार रुपये लिए, पहले से मौजूद एसीबी की टीम ने उसे रंगे हाथ दबोच लिया। टीम ने रिश्वत की रकम भी बरामद कर ली। अचानक हुई कार्रवाई से मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
गिरफ्तारी के बाद एसीबी की टीम राजस्व कर्मचारी को अपने साथ हजारीबाग ले गई, जहां उससे पूछताछ और आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जाएगी। एसीबी की इस कार्रवाई से सदर अंचल सहित राजस्व विभाग के कर्मियों में हड़कंप मच गया है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।