Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    AIIMS Deoghar Foundation Day: आदिवासी संस्कृति की दिखेगी अनूठी झलक, पारंपरिक कला के रंगों में रंगा परिसर

    Updated: Sun, 24 May 2026 06:52 PM (IST)

    एम्स देवघर का 8वां स्थापना दिवस 25 मई 2026 को मनाया जाएगा, जिसके लिए परिसर को आदिवासी संस्कृति और पारंपरिक कला से सजाया गया है। ...और पढ़ें

    एम्स देवघर। (जागरण)

    एम्स देवघर। (जागरण)

    HighLights

    1. एम्स देवघर का 8वां स्थापना दिवस 25 मई 2026 को।

    2. परिसर को आदिवासी संस्कृति और पारंपरिक कला से सजाया गया।

    3. केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी होंगी मुख्य अतिथि।

    जागरण संवाददाता, देवीपुर। अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) देवघर में आगामी 25 मई 2026 को आयोजित होने वाले स्थापना दिवस समारोह को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं।

    इस अवसर पर एम्स परिसर को आदिवासी संस्कृति एवं पारंपरिक कला की अनूठी पहचान से सजाया गया है। विशेष रूप से ऑडिटोरियम परिसर को संथाल समाज की सांस्कृतिक विरासत, लोक जीवन और पारंपरिक कला के रंगों से आकर्षक स्वरूप प्रदान किया गया है।

    संस्थान प्रशासन द्वारा जानकारी दी गई कि ऑडिटोरियम की दीवारों एवं परिसर को झारखंड की पारंपरिक कला शैली के माध्यम से सजाया गया है।

    स्थानीय कलाकार करेंगे कला का प्रदर्शन

    स्थानीय कलाकारों ने अपनी कला के जरिए आदिवासी संस्कृति, प्रकृति, ग्रामीण परिवेश और जनजातीय जीवनशैली को चित्रों में जीवंत रूप दिया है। इन कलाकृतियों से पूरे परिसर में स्थानीय संस्कृति और परंपरा की झलक स्पष्ट रूप से दिखाई दे रही है।

    इस कार्य को सफल बनाने में सत्संग आश्रम, देवघर का विशेष सहयोग रहा। आश्रम से जुड़े कलाकार पवन राय, सुरेंद्र मंडल, रंजीत मांझी एवं नीती सूदू राय ने अपनी पारंपरिक कला के माध्यम से ऑडिटोरियम को आकर्षक स्वरूप प्रदान किया है।

    कलाकारों द्वारा बनाए गए चित्रों में प्रकृति, लोक संस्कृति, पारंपरिक जीवन शैली एवं आदिवासी समाज की सांस्कृतिक पहचान को उकेरा गया है।

    एम्स देवघर के कार्यकारी निदेशक एवं सीईओ प्रो. (डॉ.) नितिन एम. गंगने ने सत्संग आश्रम, देवघर एवं कलाकारों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार की पारंपरिक कला स्थानीय संस्कृति को सम्मान देने के साथ-साथ मरीजों और आगंतुकों के बीच सकारात्मक संदेश फैलाने का कार्य करती है।

    खबरें और भी

    उन्होंने कहा कि इन कलाओं के माध्यम से स्थानीय संस्कृति के प्रति सम्मान की भावना बढ़ेगी तथा मरीज सेवा के साथ-साथ आदिवासी पहचान और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण को भी मजबूती मिलेगी।

    उन्होंने विश्वास जताया कि एम्स देवघर केवल बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि सामाजिक एवं सांस्कृतिक मूल्यों के संरक्षण में भी अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

    स्थापना दिवस समारोह के दौरान संस्थान में कई सांस्कृतिक एवं शैक्षणिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की संभावना है।

    केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी होंगी मुख्य अतिथि

    AIIMS DEOGHAR

    अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) देवघर का 8वां स्थापना दिवस समारोह आगामी 25 मई 2026 को धूमधाम से मनाया जाएगा।

    इस अवसर पर एम्स देवघर के ऑडिटोरियम हॉल में सुबह 11:45 बजे से भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। समारोह को लेकर संस्थान प्रशासन द्वारा तैयारियां तेज कर दी गई हैं।

    कार्यक्रम में भारत सरकार की महिला एवं बाल विकास मंत्री स्मृति अन्नपूर्णा देवी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी। वहीं, राज्यसभा सांसद प्रदीप कुमार वर्मा एवं लोकसभा सांसद डॉ. निशिकांत दुबे विशिष्ट अतिथि के रूप में समारोह की शोभा बढ़ाएंगे।

    एम्स देवघर के अध्यक्ष प्रो. (डॉ.) एम. वी. पद्मा श्रीवास्तव एवं कार्यकारी निदेशक प्रो. (डॉ.) नितिन एम. गंगने ने सभी गणमान्य अतिथियों, चिकित्सा जगत से जुड़े लोगों तथा आम नागरिकों को समारोह में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया है

    संस्थान प्रशासन के अनुसार स्थापना दिवस समारोह के दौरान स्वास्थ्य, शिक्षा एवं संस्थान की उपलब्धियों से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

    साथ ही सांस्कृतिक प्रस्तुतियों एवं पारंपरिक कला के माध्यम से स्थानीय संस्कृति की झलक भी देखने को मिलेगी।एम्स देवघर लगातार स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार के साथ-साथ क्षेत्र के लोगों को आधुनिक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। स्थापना दिवस समारोह को लेकर संस्थान परिसर में उत्साह का माहौल देखा जा रहा है।